- Hindi News
- व्यापारियों ने एसपी से कहा बदमाशों से बचाओ
व्यापारियों ने एसपी से कहा बदमाशों से बचाओ
व्यापारियोंको बदमाश लोग दिनदहाड़े लूट रहे हैं। खंडवा इंडस्ट्रीज के मुनीम के साथ हुई 30 लाख रुपए की लूट का अब तक पता नहीं चला। इसके अलावा 20 सितंबर की रात तेल-शकर व्यापारी राजेश आहूजा को बदमाशों ने पिस्टल अड़ाकर ढाई लाख रुपए लूट लिए। इन घटनाओं से व्यापारी दहशत में है। यह सब तो ठीक ही है लेकिन कुछ लोग खबर छापने के नाम पर शहर के व्यापारियों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली कर रहे है। जिनके नाम आपको पता है कम से कम उन पर ही कार्रवाई कर दो।
एसपी मनोज शर्मा से शुक्रवार सुबह चेंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष इकबाल शंकर गुलाटी, सचिव अशोक अग्रवाल सहित सिंधी समाज के भगवानदास आरतानी, गेहीराम सीतलानी सहित पदाधिकारियों ने मुलाकात कर लिखित ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने व्यापारियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मोघट टीआई रवींद्र यादव को शिकायत आवेदन पर जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। सप्ताहभर पूर्व सिंगाड़ तलाई की राज बेकरी पर अवैध वसूली के बाद दो लोगों का जुलूस निकाला था।
कैमरों के आए 19 लाख रुपए की होगी वापसी
एसपी ने चेंबर के पदाधिकारियों को शुक्रवार सुबह एक बार सीसीटीवी कैमरे की याद दिलाई। एसपी शर्मा ने कहा चेंबर के हां कहने पर ही हमने पुलिस मुख्यालय से 19 लाख रुपए बुलाए। अब हम उन रुपयों को वापसी किसी मद में भेज देंगे। एसपी की बात पर चेंबर अध्यक्ष इकबाल शंकर गुलाटी ने कहा कैमरे लगाने के लिए हमने व्यापारियों से रुपए की मांग की लेकिन कोई भी आगे नहीं आता। श्री गुलाटी ने कहा हम 10-12 कैमरे अपनी तरफ से लगवा देते है। लेकिन एसपी ने इससे इंकार कर दिया।
व्यापारियों ने हाथ जोड़कर एसपी से बदमाशों से सुरक्षा के लिए गुहार लगाई।