सहायिका ने बच्चे का पैंडल चुराया
{पुलिस ने सहायिका के घर से जब्त किया पैंडल
भास्करसंवाददाता. खंडवा
बच्चे के गले से सोने का पैंडल चोरी होने के मामले में पुलिस ने आंगनवाड़ी सहायिका के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।
घटना रविवार दोपहर 1 बजे सिंधी कॉलोनी गली नंबर चार आंगनवाड़ी भवन की है। आस्था पिता द्वारकादास लखानी (6) अपने छोटे भाई कृष्णा (3) को लेकर रविवार दोपहर आंगनवाड़ी भवन पहुंची। कृष्णा ने तीन ग्राम सोने का पैंडल गले में पहना हुआ था। आंगनवाड़ी बंद होने के बाद कृष्णा और आस्था घर पहुंचे तो मम्मी वंदना लखानी को कृष्णा के गले में पैंडल नहीं दिखा। वंदना ने बेटी आस्था से पूछा। उसने बताया कि मैडम ने कृष्णा के गले से पैंडल निकाला। बेटी की बात सुनते ही वंदना लखानी अपने पति द्वारकादास के साथ आंगनवाड़ी सहायिका किश्वरजहां कुरैशी के घर पहुंचे। लेकिन उसने घटना की जानकारी से इंकार कर दिया। बच्चों के परिजन के साथ आंगनवाड़ी सहायिका थाने गई। यहां पूछताछ की लेकिन सहायिका ने साफ इंकार कर दिया। मोघट थाने में भीड़ लगी हुई थी। टीआई ने महिला एसआई को किश्वरजहां के घर भेजा। यहां उसने एसआई को पैंडल दे दिया। पैंडल मिलने के बाद भी बच्चों के परिजन नहीं माने उन्होंने सहायिका के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने आरोपी सहायिका के खिलाफ धारा 389 (चोरी) का प्रकरण दर्ज किया।
बेटे कृष्णा के साथ थाने पहुंची वंदना लखानी।