पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • शपथ से पहले गलियों में घूमे महापौर पार्षद, झाडू लगाई

शपथ से पहले गलियों में घूमे महापौर-पार्षद, झाडू लगाई

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
खंडवा| निगम के नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों को शपथ ग्रहण करने से पहले ही शहर की चिंता सताने लगी है। वे मतदाताओं से किए वादे पूरे करने को लेकर रोज वार्डों की गलियों में घूमेंगे और लोगों की समस्याएं सुनेंगे। भाजपा नेता-जनप्रतिनिधि रविवार सुबह दादाजी वार्ड पहुंचे। महापौर सुभाष कोठारी, पार्षद रामगोपाल शर्मा और निगम आयुक्त एसआर सोलंकी रविवार सुबह संजय नगर पहुंचे। 2 घंटे तक साफ-सफाई का जायजा लिया। कुछ देर झाड़ू भी लगाई। लोगों ने क्षेत्र में पसरी गंदगी दिखाई और सफाई व्यवस्था सुधारने की गुहार लगाई।
यहां फैली गंदगी और चोक नालियां देख निगम आयुक्त भी हैरत में पड़ गए। आयुक्त अब नई परिषद एमआईसी गठन के बाद ऐसे क्षेत्रों को चिह्नित करेंगे। वे योजनाबद्ध तरीके से सफाई कराने की बात कह रहे हैं। नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि दो दिन बाद वार्डों में कार्यक्रम तय करेंगे। इसमें वे लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे।
इन गलियों में चलाया सफाई अभियान : दादाजी वार्ड के गुलाब बाबा गली, बड़ा भीलटदेव गली, पटेल आवार के पास, दरबार गली, लक्ष्मी चौक, शिव मंदिर के सामने, रोशनाई रोड क्षेत्र में भाजपाइयों ने अभियान चलाया। नवनिर्वाचित पार्षद वेदप्रकाश शर्मा, सोमनाथ काले, पार्षद पति दिलीप यादव, रविंद्र चांडक, पूर्व एल्डरमैन अनिल माहेश्वरी, सुनील जैन, चंद्रेश पचौरी समेत अन्य नेता मौजूद थे।

नाली में बहा रहे थे नर्मदा का पानी : संजय नगर के सरस्वती शिशु मंदिर के सामने वाली गली में नेताओं और निगम के अमले ने नर्मदा का पानी नाली में बहते देखा। आयुक्त सोलंकी ने बताया कि लोगों को नलों में टोटी लगाने के लिए जागरूक करेंगे। दो घंटे चले अभियान में निगम के अमले ने ही साफ-सफाई की। सोमवार को निगम का अमला जेसीबी, डंपर की मदद से वार्ड में सफाई करेगा।
यह भी हुआ
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संगठन के स्वच्छता अभियान में भाजपा के एक भी वरिष्ठ नेता और नवनिर्वाचित महिला पार्षद नहीं पहुंची।
- पूरे अभियान में भाजपाई सिर्फ औपचारिकता निभाते नजर आए।
- नेता बगैर लोगों से संवाद किए जल्दी-जल्दी अभियान पूरा करने में लगे रहे।

''शहर विकास को लेकर सभी काम कराएंगे। हमारी पहली प्राथमिकता है कि सभी बड़े कामों में तेजी लाएं। अभियान का मकसद झाड़ू लगाना नहीं बल्कि लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करना है।'' -सुभाष कोठारी, नवनिर्वाचित महापौर

''वार्डमें सोमवार को सफाई कराएंगे। नई परिषद के गठन के बाद स्वच्छता के लिए स्थायी योजना बनाएंगे। पानी का दुरुपयोग रोकने के लिए लोगों को नलों में टोटियां लगवाने के लिए प्रेरित करेंगे।'' -एसआर सोलंकी, आयुक्त निगम।
- महापौर और पार्षदों ने दादाजी वार्ड में साफ सड़क पर झाड़ू लगाकर औपचारिकता निभाई।