वसंत पंचमी पर विवाह के अबूझ मुहूर्त
खंडवा | इस बार वसंत पंचमी दो दिन बनेगी। यह 12 और 13 फरवरी को रहेगी। साथ ही विवाह के अबूझ मुहूर्त भी है।
सिद्धि विजय पंचांग, निर्णय सागर पंचांग व विश्व विजय पंचांग के अनुसार 12 फरवरी को स्वार्थ सिद्धि-अमृत सिद्धि योग दिनभर रहेगा। वसंत पंचमी शुक्रवार दोपहर 9.17 बजे से शुरू होकर 13 फरवरी सुबह 6.39 बजे तक रहेगी। इस दिन सूर्योदय 6.59 पर होगा। पं.जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वसंत पंचमी पर स्वार्थ सिद्धि-अमृत सिद्धि योग इसे और खास बना रहा है। उन्होंने बताया कि पंचमी तिथि (वसंत पंचमी) शिक्षा प्रारंभ करने का श्रेष्ठ दिन है। इस दिन मां सरस्वती के पूजन में पीले पुष्प का खास महत्व है। इधर, उज्जैन पंचांग के अनुसार 13 फरवरी को वसंत पंचमी बताई गई है।
हालांकि ज्यादातर पंचांगों ने 12 फरवरी को ही वसंत पंचमी शास्त्र सम्मत बताई है। पंचांगों में मतभेद और तिथि का क्षय होने से लोग 12 व 13 फरवरी दोनों दिन वसंत पंचमी मनाएंगे।
--
यह है वसंत पंचमी का महत्व
वसंत ऋतु के आगमन पर उत्सव मनाने का दिन वसंत पंचमी है। मां सरस्वती की आराधना का विशेष पर्व माना जाता है। एेसी मानता है कि इस दिन ब्रह्मा जी द्वारा मां सरस्वती की उत्पत्ति की गई थी। तभी से यह पर्व मनाया जाता है। इस पर्व को मनाने के कई कारण प्रचलित हैं। पुराणों के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने मां सरस्वती को वरदान दिया था कि इस दिन सभी स्थानों पर उन्हें पूजा जाएगा।
--