चार महीने में नहीं बनी सड़क मंत्री बोले- यह छोटी-मोटी बात
तैयारियों को देखने आए लेकिन खामियों पर ध्यान नहीं दिया
भास्कर संवाददाता | खंडवा
हनुवंतिया तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग ही है। यहां 4 किमी की सड़क चार महीने में भी नहीं बनी। जब यह बात पर्यटन मंत्री सुरेंद्र पटवा को बताई तो उन्होंने अफसरों की नाकामी पर परदा डालने की कोशिश की। बोले- यह छोटी-मोटी बात है। बड़े आयोजन में खामियां नहीं देखी जाती।
हनुवंतिया में 12 से 21 फरवरी तक जल महोत्सव किया जा रहा है। मंत्रियों और उद्योगपतियों को छोड़ दें तो आम लोगों को हनुवंतिया तक जाने के लिए 4 किलोमीटर की गिट्टी वाली सड़क पर हिचकोले खाते हुए और धूल फांकते जाना पड़ेगा। सरकार और उसके अफसर 4 किलोमीटर सड़क नहीं बनवा पाए हैं जबकि इस सड़क के कार्यादेश सितंबर 2015 में हो गए थे। सड़क का ठेका एसके झा इन्फ्रास्ट्रक्चर को दिया गया है। 4 किलोमीटर की खराब सड़क सुधारने के लिए पांच महीने अफसर और सरकार के पास थे। सुधार नहीं करा पाए हैं। अब मंत्री से लेकर सचिव तक नाकामियों पर पर्दा डाल रहे हैं। मुख्यमंत्री के बस से आने पर सड़क को सींचकर और रोलर करके ठीक किया गया था। जल महोत्सव में अतिथि हेलिकॉप्टर से आएंगे। सड़क बदहाल रहेगी।
इधर, मंत्री ने किया निरीक्षण, बोले- सबको भाएगा महोत्सव
खराब सड़क छोटी नाकामी- पर्यटन मंत्री
यह देश में पहला और अनूठा अायोजन है। बड़े आयोजन में छोटी छोटी खामियों को नजर अंदाज किया जाता है। सड़क का नहीं बन पाना कोई बड़ी कमी नहीं है। - सुरेंद्र पटवा, पर्यटन राज्यमंत्री
यह भी जानें
सांस्कृतिक कार्यक्रम में कबीर और सूफी गायन के साथ होगा बैले डांस
12 फरवरी संस्कृति विभाग फ्यूजन डांस
13 फरवरी प्रहलाद टिपानिया का कबीर गायन
14 फरवरी लोक नृत्य
15 व 16 मैहर बैंड की प्रस्तुति
17 फरवरी लोक नृत्य
18 फरवरी मुनव्वर मासूम की कव्वाली व सूफी गायन
19 व 20 लोक नृत्य
21 फरवरी रागिनी मक्कड़ का बैले डांस
यह होगा असर : पर्यटक निराश होकर जाएंगे
खराब सड़क से आने जाने वाले पर्यटक निराश होकर जाएंगे। अब तक यही हो रहा है। यहां जाने वाले पर्यटक निराश होकर लौट रहे हैं। जल महोत्सव में भी ऐसा हुआ तो स्थान बदनाम हो जाएगा। पर्यटक आए और प्रसन्न होकर नहीं गए तो मौखिक दुष्प्रचार पर्यटन स्थल के भविष्य के लिए घातक होगा।
पुरनी के पास सड़क का काम चल रहा है। डामरीकरण में 3 महीने लगेंगे।
हनुवंतिया पर्यटन स्थल पर सचिव हरिरंजन राव, मंत्री सुरेंद्र पटवा को नक्शे पर रोमांचक कार्यक्रमों के स्थान बताते हुए।