हनुवंतिया अकल्पनीय, सोचा नहीं था इतना सुंदर स्थान मप्र में होगा
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री नायडू ने कहा-यह मुख्यमंत्री के नवाचार और खोज का परिणाम है
भास्कर न्यूज | खंडवा प्रदेश के पहले जल महोत्सव का शनिवार को खंडवा के हनुवंतिया में शुभारंभ हुआ। यहां शुभारंभ के दौरान केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडू ने कहा- हनुवंतिया अकल्पनीय है। मैंने सोचा भी नहीं था कि इतना सुंदर स्थान मप्र में होगा। इसमें विश्व स्तर का पर्यटन स्थल बनने की पूरी संभावनाएं हैं। अगले कुछ सालों में यह विश्व स्तर का पर्यटन स्थल बनेगा ऐसी अपेक्षा है। उन्होंने हनुवंतिया को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नवाचार, खोज का परिणाम बताया। नायडू ने कृषि विकास दर को देश में सबसे अच्छा बताया कहा मध्यप्रदेश में कृषि विकास दर 20 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री चौहान ने नायडू को भरोसा दिलाया कि हनुवंतिया को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
वेंकैया बोले- मिशन की तरह काम कर रहे सीएम
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने सीएम शिवराजसिंह चौहान की खूब तारीफ की। उन्होंने सीएम को मिशन की तरह काम करने वाला बताया। बोले- मुख्यमंत्री चौहान प्रदेश को बीमारू राज्य से बाहर निकालकर लाए हैं। वे मिशन की तरह काम कर रहे हैं लेकिन यह काम का मिशन है, वो धर्म परिवर्तन कराने वाले मिशनरी नहीं है।
हनुवंतिया में जल महोत्सव के शुभारंभ के पहले सीएम ने केंद्रीय मंत्री को इंदिरासागर दिखाया। यहां टापुओं के बारे में बताया।