पीपीपी से टापुओं को बनाएंगे विश्व स्तरीय
मालवा का मटकी, बुंदेलखंड का बधाई नृत्य दर्शकों को भाया
मुख्यमंत्री ने कहा- 19 फरवरी को निवेशकों के साथ आऊंगा
भास्कर संवाददाता | खंडवा
खंडवा में मौजूद इंदिरासागर के टापुओं को विश्व स्तर का पर्यटन स्थल बनाने के लिए पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर काम कराया जाएगा। यहां होटल्स बनेंगी और साहसिक खेल होंगे।
हनुवंतिया में प्रदेश के पहले जल महोत्सव के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा इंदिरासागर में 90 से ज्यादा टापू हैं। हम चाहते हैं इन टापुओं पर होटल बने। यहां इतने साधन बनाए जाएं कि लोग आए तो दो-तीन दिन तक रुक सकें। सीएम बोले अब 19 फरवरी को निवेशकों के साथ आऊंगा। समारोह को टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अक्षय कुमार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा, पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक, मांधाता विधायक लोकेंद्रसिंह तोमर, पर्यटक विकास निगम के सदस्य राजेश डोंगरे, निगम के प्रबंध निदेशक हरिरंजन राव व कलेक्टर एमके अग्रवाल, एडीएम अनुराग सक्सेना मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह से पहले मुख्यमंत्री चौहान व केंद्रीय मंत्री नायडू ने हॉट एयर बलून को हरी झंडी दिखाकर रोमांचक खेलों की शुरुआत की। इससे पहले केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडू ने हेलिकाॅप्टर के माध्यम से हनुवंतिया पर्यटन स्थल देखा। हेलिकाॅप्टर से उतरे तो पहले पर्यटन स्थल पर गए। नजदीक से देखा। तस्वीरें भी करवाई।
एंडवेंचर टूर ऑपरेटर्स के सम्मेलन में हनुवंतिया को मिला पुरस्कार- उद्घाटन पर एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स का सम्मेलन भी हुआ। इसमें टूर ऑपरेटर्स को अवार्ड दिए। बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म इंडियन स्टेट इन इनोवेशन इन क्रिएटिंग एडवेंचर डेस्टिनेशन का अवार्ड हनुवंतिया को मिला। युवाओं को एडवेंचर टूरिज्म का प्रशिक्षण देने के लिए मप्र पर्यटन विकास निगम एवं एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (अटोई) के बीच एमओयू भी हुआ।
महापौर ने मांग पत्र दिया
उद्घाटन समारोह में महापौर सुभाष कोठारी ने केंद्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री को विकास का मांग पत्र सौंपा। इसमें अमृत सिटी के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी दी। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी संस्था के सहयोग से चल रहे एक वर्ष के सफाई अभियान की जानकारी फोल्डर में दी। स्वीमिंग पूल एवं सड़कों के निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत करने का अनुरोध भी किया।
एमडी की गाड़ी रोकी
हेलिपेड पर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री और सीएम को लेने हेलिपेड पर गए तो उनकी गाड़ी गेट पर ही पुलिस जवानों ने रोक दी। उन्हें पैदल ही हेलिपेड तक जाना पड़ा। यहां मंत्री सुरेंद्र पटवा इंतजार में खड़े रहे। कलेक्टर एमके अग्रवाल सीएम के आने तक गाड़ी में ही बैठे रहे।
फूड जोन में स्नेक्स, चूरमा 14 से
फूड जोन में पहले दिन चाट, गोलगप्पे, चिप्स और स्नेक्स ही मिले। 14 फरवरी से निमाड़ी भोजन दाल बाटी चूरमा मिलेगा। यहां सांची के उत्पाद भी मिलेंगे।
आज के कार्यक्रम
एडवेंचर : पैरासेलिंग, पैरामोटर्स और अन्य रोमांचक खेल होंगे। इसमें आम लोग भी शामिल हो सकते हैं। लोगों को प्रत्येक इवेंट का 500 रुपए शुल्क देना होगा।
कबीर गायन : पद्मश्री प्रहलाद टिपाणिया का कबीर गायन होगा। यह कार्यक्रम शाम 7 बजे शुरू होगा।
करतब इतना भाया कि 1000 रु. इनाम भी दे दिया
यह नया पन लोगों को खूब भाया। बुंदेलखंड का बधाई सागर से आए डॉ.जुगलकिशोर नामदेव समेत 24 कलाकारों ने प्रस्तुत किया। ढोलक, नगड़िया, रमतूला, ताशा, लोटा, बांसुरी के साथ प्रस्तुत नृत्य लोगों ने पसंद किया। इसके बाद बरेदी नृत्य हुआ। इसमें दिखाए करतबों से टूर ऑपरेटर्स का मन मोह लिया। एक ने तो 1000 रुपए इनाम भी दिया। मालवा का मटकी नृत्य निमाड़ की धरती पर हुआ। मालवा लोक कला केंद्र उज्जैन की कृष्णा वर्मा और 20 साथी कलाकारों ने इसे प्रस्तुत किया। इन्होंने मटकी और पनियारी नृत्य दिखाए।
मंच पर आकर्षक लाइटिंग, साउंड पर लोकनृत्य की प्रस्तुति देते कलाकार।
जल महोत्सव का उद्घाटन करने आए सीएम और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडू एवं सुरेंद्र पटवा कार्यक्रम स्थल पर जाते हुए।
10 दिनी जल महोत्सव में वाटर स्पोर्ट्स, एयर बलून, पैराशूट सहित साहसिक खेलों का रोमांच आज से
मुख्यमंत्री बोले- यहां जल, जंगल, जानवरों की संपदा, इतना समृद्ध कोई और प्रदेश नहीं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र के स्थाई विकास प्राथमिकता है। उन्होंने कहा- मैं खुश हूं। यह एशिया की सबसे बड़ी मानव निर्मित जल संरचना है। मध्यप्रदेश में जल, जंगल और जानवरों की संपदा है। इतना समृद्ध अन्य कोई राज्य नहीं है। टाइगर तो इतने हैं कि उनसे हाथ मिलाने का मौका तक मिल जाता है। अब तो शहरों तक शेर आने लगे हैं। उन्होंने सिंगापुर का सेन्टोसा दीप से ज्यादा सुंदर हनुवंतिया को बताया। मुख्यमंत्री ने एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (अटोई) के प्रतिनिधियों से कहा कि वे सुझाव दें ताकि हनुवंतिया को पर्यटकों के लायक बनाया जा सके। व्यापक प्रचार प्रसार करें।