...और इधर, जनपद तिराहे से हटेंगे ट्रांसफार्मर, सौंदर्यीकरण होगा
चौड़ीकरण के लिए आंबेडकर प्रतिमा पीछे करने पर सहमति
सिविल लाइंस क्षेत्र में जनपद तिराहे का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके लिए चौराहे से ट्रांसफार्मर हटाएं जाएंगे। यहां सड़क भी चौड़ी की जाएगी। इसके लिए सोमवार दोपहर विधायक देवेंद्र वर्मा और महापौर सुभाष कोठारी ने मौके का निरीक्षण किया। इस अवसर पर बिजली कंपनी में एई मेंटनेंस आरके दाने भी मौजूद थे। निगम और बिजली कंपनी के अफसरों ने बीच चौराहे से ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के लिए स्थान तय किया। इस अवसर पर आयुक्त जेजे जोशी, उपयंत्री भूपेंद्रसिंह बिसेन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
भास्कर संवाददाता | खंडवा
जिला अस्पताल के सामने बीच सड़क पर आ रही आंबेडकर प्रतिमा पीछे करने पर सब सहमत हो गए हैं। दि बुद्धिष्ट सोसायटी ऑफ इंडिया की बुलाई बैठक में ज्यादातर संगठनों के पदाधिकारियों ने शहर विकास के लिए निर्णय लिया। हालांकि प्रतिमा यहां से हटाकर सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थापित करने पर सहमति नहीं बनी।
सोमवार शाम यह बैठक 1.30 घंटे चली। बैठक में आंबेडकर स्मारक समिति, आंबेडकर विचार मंच, दि बुद्धिष्ट सोसायटी की नगर व जिला शाखा, अन्य समाजों के लोग व प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिवक्ता टीएल बाकोरिया ने कहा शहर विकास के लिए जरूरी है तो प्रतिमा को पीछे ले जाकर स्थापित किया जा सकता है। मूर्ति स्थापना के समय अहम भूमिका निभाने वाले रूपचंद आर्य ने कहा महापौर से प्रतिमा को पीछे करके स्थापित करने की बात हुई है। अशोक दाभाड़े ने कहा आम लोगों की सुविधा के लिए प्रतिमा पीछे की जा सकती है। देंवेद्र चौधरी, रिंकू सोनकर, बाबूराव कदम, जीसी वानखेड़े ने भी अपनी बात रखी। सभी ने मूर्ति पीछे करने पर सहमति जताई।
आदमकद प्रतिमा लगाएंगे
बैठक में आंबेडकर स्मारक समिति के सचिव कौशल मेहरा ने बताया इसी साल 14 अप्रैल को चौक पर डॉ.भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा लगाई जाएगी। समिति में प्राथमिक स्तर पर निर्णय हो गया है। अगले कुछ दिनों में प्रतिमा के आकार प्रकार पर निर्णय कर लिया जाएगा।
आंबेडकर प्रतिमा को स्थानांतरित करने न करने पर विचार विमर्श करते संगठनों के पदाधिकारी।
चौराहों का टोटल स्टेशन सर्वे किया
चौराहों का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए निगम द्वारा टोटल स्टेशन सर्वे कराया जा रहा है। सोमवार दोपहर निगम चौराहे का सर्वे निजी सर्वेयर ने किया। जिला अस्पताल के पास डॉ.भीमराव आंबेडकर के पास भी सर्वे किया। इसीप्रकार जलेबी चौक, शेर चौराहा, मेडिकल चौराहा घंटाघर सहित अन्य चौराहे का भी सर्वे किया जाएगा। इस संबंध में आयुक्त जेजे जोशी ने बताया चौराहों को विकसित करने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे में चौराहे पर उपलब्ध जमीन की वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी।