आठ दिन से नहीं मिला सस्ता राशन
मशीन में यह हैं खामियां
मशीन बार-बार कवरेज एरिया से बाहर हो रही है।
थंब करने पर मशीन उपभोक्ता को नगर निकाय से बाहर का बता रही।
सर्वर मिलने पर लोग थंब कर रहे लेकिन मशीन से पर्ची कभी-कभी निकल रही।
पर्ची नहीं निकलने पर सेल्समैन पशोपेश में हैं। वे उपभोक्ताओं को राशन नहीं दे रहे।
ऑफलाइन मोड नहीं होने से परेशानी बढ़ी।
छह घंटे चार्ज करने पर थंब मशीन केवल तीन घंटे का ही बैकअप दे रही है।
मशीन को डस्ट से बचाना है, लेकिन राशन दुकानों में सबसे ज्यादा धूल उड़ती है।
कई सेल्समैन को मशीन को ऑपरेट करने में अब भी परेशानी।
मशीन से राशन वितरण में समय लगने पर उपभोक्ता व सेल्समैन में विवाद की स्थिति बन रही है।
मशीन पर उपभोक्ताओं का फिंगर सत्यापन फेल हो रहा है।
मशीनों में कई तकनीकी खामियां, बार-बार हो रही कवरेज एरिया से बाहर
भास्कर संवाददाता | खंडवा
जिले की कंट्रोल दुकानों पर लगी थंब मशीनें फिर बंद हो गई। आठ दिन से राशन नहीं मिल रहा है। सस्ते राशन के लिए गरीब उपभोक्ता हर दिन कंट्रोल दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं। अफसर मशीनों में नया साफ्टवेयर अपडेट होने तक राशन वितरण नहीं होने की बात कह रहे हैं।
शहर की 46 और जिले की 390 कंट्रोल दुकानाें से खाद्य विभाग ने 4 जनवरी से थंब इंप्रेशन मशीनों से खाद्यान्न के वितरण की व्यवस्था शुरू की थी। शुरुआत से ही मशीन में कवरेज की समस्या बनी रही। इससे लोगों काे समय पर राशन नहीं मिला। जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। 1 फरवरी को मशीनों में लगे साफ्टवेयर ने काम करना बंद कर दिया। कंट्रोल दुकानें भी बंद हो गई। मशीनों को बंद हुए आठ दिन हो गए। लोग सस्ते राशन के लिए भटक रहे हैं।
एक-दो दिन में शुरू करेंगे राशन वितरण
पूरे प्रदेश में आठ दिन से राशन वितरण बंद है। भोपाल में मशीनों में साफ्टवेयर अपडेशन का काम हो रहा है। एक दो दिन में दुकानों से राशन वितरण शुरू कर देंगे। -एसआर कोठारे, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी
थंब इंप्रेशन मशीनों के बंद होने से आठ दिन से कंट्रोल दुकानें बंद हैं।