सरकार किसानों से अब समर्थन मूल्य पर मक्का भी खरीदेगी
ई-उपार्जन के माध्यम से मक्का 1325 रुपए प्रति क्विंटल रहेंगे भाव
एग्रो भास्कर | खंडवा
रबी मौसम में मक्का फसल का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से अब मक्का फसल भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री विजय शाह की पहल पर शासन ने यह आदेश जारी कर दिए हैं। रबी विपणन वर्ष 2016-17 में ई उपार्जन के माध्यम से मक्का खरीदी जाएगी। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब गेहूं के साथ मक्का फसल भी खरीदी जा रही है। सरकार 1325 रुपए प्रति क्विंटल मक्का खरीदेगी। पंजीयन कराते समय इसमें किसानों का बोया गया रकबा, बैंक खाता नंबर, किसान का मोबाइल नंबर, परिवार की समग्र आईडी की जानकारी देनी होगी। पंजीयन के लिए किसानों को नि:शुल्क फार्म दिया जाएगा। किसानों को यह फार्म भरकर अपने नजदीकी उपार्जन केंद्रों पर जमा करना होगा। जिला आपूर्ति अधिकारी खंडवा एसआर कोठारे ने बताया किसानों का ऑनलाइन पंजीयन ई उपार्जन नामक साफ्टवेयर से किया जाएगा। किसानों को कम्प्यूटाइज्ड रसीद दी जाएगी। 2015-16 में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के निर्धारित उपार्जन केंद्रों पर ही मक्का के उपार्जन की भी व्यवस्था की गई है।