इस बार सरकार किसानों से गेहूं 1525 रुपए प्रति क्विंटल खरीदेगी
पंजीयन में 15 फरवरी तक संशोधन करा सकते हैं किसान
एग्रो भास्कर | खंडवा
समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने वाले किसानों को केंद्र सरकार ने राहत दी है। इस बार किसानों को 75 रुपए प्रति क्विंटल बोनस के रूप में मिलेंगे।
रबी विपणन वर्ष 2016-17 के लिए समर्थन मूल्य अंतर्गत गेहूं की खरीदी 16 मार्च से शुरू होगी, जो 14 मई तक चलेगी। इस बार किसानों से 1525 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदा जाएगा। क्योंकि केंद्र सरकार इस बार किसानों को 75 रुपए प्रति क्विंटल बोनस के रूप में दे रही है। जबकि पिछले साल गेहूं खरीदी 1450 रुपए प्रति क्विंटल खरीदा था। इस बार किसानों का पंजीयन ऑनलाइन होगा। जिन किसानों ने पिछले साल अपना पंजीयन नहीं कराया था और इस साल बेचना चाहते हैं वे निर्धारित खरीदी केंद्र पर ऋण पुस्तिका व बैंक पासबुक ले जाकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। वहीं, जिन किसानों के पंजीयन में संशोधन यानी बैंक खाता नंबर, मोबाइल नंबर, बोई गई गेहूं की फसल का रकबा बदलना है, वे खरीदी केंद्र पर 15 फरवरी तक आवेदन दे सकते हैं।