जीत-हार की बात पर कबड्डी मैच में मारपीट, अफरा-तफरी
इनडोर स्टेडियम में आयोजित विधायक कप कबड्डी मैच में सोमवार शाम जीत-हार की बात पर गणेश तलाई व महाराणा प्रताप व्यायामशाला की टीम के खिलाड़ियों में मारपीट हो गई। अफरा-तफरी के बीच विधायक देवेंद्र वर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष धमेंद्र बजाज, पुरुषोत्तम शर्मा, राजेश डोंगरे, सिद्धार्थ जायसवाल सहित भाजपा नेताओं ने खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर समझाइश दी। इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ी मान गए। जानकारी मिलते ही सीएसपी एसएन तिवारी, कोतवाली टीआई दिलीप पुरी सहित पुलिसबल ने हुड़दंग कर रहे युवकों को पैवेलियन में बैठाया। सोमवार को कुल 8 मैच खेले गए। कुंडलेश्वर वार्ड विरुद्ध आंबेडकर वार्ड व आदिवासी छात्रावास टीम सरस्वती शिशु मंदिर के खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर हुई।
पहले मैच में बांबे बाजार की टीम ने संतोषी माता वार्ड की टीम को 20-16 से हराया। संत विनोबा भावे वार्ड की टीम ने रामकृष्णगंज वार्ड की टीम को 34-15 से हराया। बुधवारा वार्ड की टीम ने सेंटपॉल स्कूल को 34-28 से हराया। जयप्रकाश नारायण वार्ड की टीम ने भगतसिंह वार्ड की टीम को 29-10 से हराया। गणेशगंज वार्ड की टीम ने महाराणाप्रताप व्यायामशाला की टीम को 36-28 से हराया। कुंडलेश्वर वार्ड की टीम ने आंबेडकर वार्ड की टीम को 31-30 से हराया। आदिवासी छात्रावास की टीम ने सरस्वती शिशु मंदिर टीम को 19-18 से हराया।
विवाद व मारपीट की जानकारी मिलते ही सीएसपी, टीआई सहित पुलिसबल मौके पर पहुंचा।