विधायक कप पर पड़ावा वार्ड का कब्जा
खंडवा | इनडोर स्टेडियम में आयाेजित विधायक कप कबड्डी स्पर्धा में मंगलवार को सेमीफाइनल मैच के बाद फाइनल मैच कराकर स्पर्धा का समापन कर दिया। सोमवार को मैच के दौरान महाराणा प्रताप व्यायाम शाला व गणेश गंज के खिलाड़ियों के बीच हुए विवाद व मारपीट के बाद आगे के मैचों पर विराम लगाते हुए। पड़ावा वार्ड व टपालचाल वार्ड के बीच पहला सेमीफाइनल मैच हुआ। इसमें पड़ावा ने टपालचाल को 35-31 से हराया। दूसरा सेमीफाइनल आदिवासी छात्रावास व दादाजी वार्ड की टीम के बीच हुआ। इसमें आदिवासी छात्रावास के खिलाड़ियों ने दादाजी वार्ड की टीम को एक तरफा मुकाबले में 26-03 से हराया। फाइनल मैच पड़ावा वार्ड व आदिवासी छात्रावास के बीच हुआ। कांटे की टक्कर में पड़ावा वार्ड ने आदिवासी छात्रावास की टीम को 18-14 से हराया। तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में दादाजी वार्ड की टीम ने टपालचाल की टीम को 33-09 से हराया। विजेता खिलाड़ियों को विधायक देवेंद्र वर्मा, महापौर सुभाष कोठारी व अतिथियों ने ईनाम दिया।