सीएम गांव जाकर लेंगे सरकार का फीडबैक, यात्रा इसी महीने से
सरकार की सूरत ग्रामीणों के मुताबिक कैसी है यह जानने खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जमीन पर उतरेंगे। इसी माह के अंतिम सप्ताह तक मुख्यमंत्री जन कल्याण यात्रा शुरू होगी। इसमें मुख्यमंत्री खुद हर जिले के दो गांवों का दौरा करेंगे।
एक गांव पहले से तय होगा। दूसरा गांव पहले गांव में उतरने के बाद तय किया जाएगा। यात्रा इसी माह शुरू होना है। हालांकि अभी तारीख नहीं आई है। यह एकाएक कुछ दिन पहले आएगी। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। यह जानकारी कलेक्टर एमके अग्रवाल ने शनिवार को ली बैठक में अफसरों को दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शासकीय कार्यक्रमों व योजनाओं के क्रियान्वयन का आकलन खुद करेंगे। उन्होंने सभी एसडीएम व जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सचिवों व पटवारियों के माध्यम से गांवों समस्याओं के आवेदन लें। निराकरण कराएं। बैठक में सीईओ अमित तोमर, अपर कलेक्टर अनुराग सक्सेना व अन्य अफसर मौजूद थे।
दौरे के बाद रात में करेंगे समीक्षा
कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री यात्रा के दौरान एक दिन में 2 जिलों का दौरा करेंगे। प्रत्येक जिले के दो गांव जाएंगे। एक गांव पहले से तय होगा। दूसरा गांव मौके पर चयनित होगा। गांवों से लोगों से फीडबैक लेने के बाद रात के समय मुख्यमंत्री गावों के आसपास ही किसी विश्रामगृह में रुकेंगे। दोनों जिलों के अफसरों की संयुक्त बैठक लेंगे। इस बैठक में सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष व जनपद पंचायतों के अध्यक्ष एवं महापौर उपस्थित रहेंगे। इसमें समीक्षा की जाएगी।
तुरंत होगा निराकरण
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री को मिलने वाले आवेदनों की सूची बनेगी। तुरंत काम वाले आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई करके निपटाया जाएगा। बचे आवेदनों के निराकरण के लिए समय सीमा तय होगी। इन आवेदनों की समीक्षा की जिम्मेदारी कलेक्टर की होगी।
लोगों के लिए सच बताने का मौका
आम लोगों को अपनी बात सरकार तक पहुंचाने का अच्छा मौका मिलेगा। लोग निडर होकर अपनी बात कह सकते हैं। मौके पर आवेदन देने के साथ ही पूर्व में दिए आवेदनों पर अफसरों द्वारा की गई कार्रवाई की जनकारी दे सकते हैं।