लकवा के इलाज के लिए इसी महीने शुरू होगा क्लीनिक
जिला अस्पताल में लकवा का इलाज होगा। मरीजों को अस्पताल में जांच, इलाज और दवाओं के साथ अन्य जरूरी सुविधाएं निशुल्क मिलेंगी। मरीजों को इंदौर नहीं जाना पड़ेगा।
राष्ट्रीय कैंसर, मधुमेह, हृदय एवं लकवा निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम (एनपीसीडीसीएस) के तहत अलग से क्लीनिक बनाया जा रहा है। एनपीसीडीसीएस नोडल अधिकारी योगेश शर्मा ने बताया एनपीसीडीसीएस कार्यक्रम के तहत क्लीनिक फरवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू होगा। क्लीनिक में इन रोगों के विशेषज्ञ मरीजों की जांच व इलाज करेंगे। क्लीनिक के लिए डॉक्टर और स्टॉफ शासन की ओर से आएंगे। शहर में लकवा रोग के इलाज के लिए कोई क्लीनिक नहीं है। जिला अस्पताल में शहर का पहला लकवा निदान केंद्र खुलेगा। यह अस्पताल में आईसीयू के पास कमरा नंबर-18 में खुलेगा। अस्पताल के ओपीडी समय सुबह 8 से दोपहर 1 एवं शाम 5 से 6 बजे तक डॉक्टर मरीजों को देखेंगे। ओपीडी में डॉ.संतोष श्रीवास्तव, डॉ.विजय मोहरे, डॉ.आशीष मंडलोई दो-दो दिन मरीजों का इलाज करेंगे। इनके अलावा शासन दो और डॉक्टरों की नियुक्ति करेगा।
हरसूद में भी होगा इलाज- कैंसर, मधुमेह, लकवा, हृदय रोग निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम के तहत हरसूद में भी मरीजों का इलाज होगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरसूद में डॉ.डीपी अग्रवाल एवं डॉ.महेश जैन मरीजों का इलाज करेंगे।