सांसद ने दूल्हे को हेलमेट दिया बोले- जीवन अनमोल है
श्रीखंडी में अखिल भारतीय क्षत्रिय मराठा कुनबी समाज का मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत शनिवार को सामूहिक विवाह सम्मेलन हुआ। इसमें वर-वधू को आशीर्वाद देने सांसद सुभाष पटेल पहुंचे। ग्राम पंचायत के सहयोग से सांसद ने परिणय सूत्र में बंधे 12 जोड़ों को हेलमेट दिए। सांसद ने कहा- हम जीवन जीने के लिए कई संघर्ष करते हैं, लेकिन इसी जीवन के लिए हेलमेट नहीं लगाते हैं। हर व्यक्ति अमूल्य जीवन के लिए हेलमेट लगाएं। इस दौरान पूर्व विधायक जमुनासिंह सोलंकी, कृष्णलाल यादव, संतोष राठौर, नारायण जवरा आदि मौजूद थे। उधर,टेमला में धनगर भारूड़ समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन हुआ। यहां 30 जोड़ों ने योजना के तहत शादी की। कार्यक्रम में में विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने वर-वधू को आशीर्वाद देते हुए उनके सफल जीवन की कामना की। कलेक्टर नीरज दुबे और सामाजिक न्याय विभाग के आरके सिंह भी मौजूद थे। आयोजन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने बताया 15 साल से दहेज प्रथा को समाप्त करने के लिए समाज सामूहिक विवाह समारोह आयोजित कर रहा है। इस दौरान समाज के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश धनगर, ओंकारेश्वर धर्मशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष रामलाल पटेल, जिला कमेटी के गेंदालाल धनगर शामिल हुए।
केशवपुरा में युवक की मौत के बाद सांसद ने हेलमेट देने का निर्णय लिया
31 जनवरी को डायवर्शन रोड स्थित विराज अस्पताल के सामने स्कूटी सवार नितिन देवेंद्र मंडलोई (17) केशवपुरा की हादसे में मौत हो गई थी। जलगोन निवासी हीरालाल गुलाबचंद(55) भी घायल हो गए थे। नितिन के पिता देवेंद्र केशवपुरा के सरपंच है। हादसे के बाद केशवपुरा व श्रीखंडी सहित अन्य गांवों के लोगों ने हेलमेट की महत्व समझा। श्रीखंडी में ग्राम पंचायत के सहयोग से आयोजन समिति ने दूल्हों को हेलमेट दिए। एसपी अमितसिंह ने ग्रामीणों में हेलमेट के प्रति जागरूकता बढ़ने की प्रशंसा की। उन्होंने कहा हेलमेट यातायात के लिए जरूरी है। जिलेभर के अन्य लोगों ने भी सामूहिक आयोजनों में हेलमेट का महत्व व उपहार स्वरूप देना चाहिए।
विवाह सम्मेलन में दूल्हे को हेलमेट सौंपते सांसद पटेल।