कॉलेज प्राध्यापकों ने बताई समस्या
खरगोन | पीजी कॉलेज में मप्र महाविद्यालयीन शिक्षक संघ की बैठक डॉ. कमल जैन की अध्यक्षता में हुई। जीडीसी के प्राचार्य एमके गोखले ने स्थानीय स्तर पर प्राध्यापकों की हो रही समस्याओं के बारे में बताया। संभागीय अध्यक्ष डॉ. अनूप व्यास ने मजबूत संगठन के निर्माण पर जोर दिया। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय महू के प्राध्यापक डॉ. उपाध्याय ने महाविद्यालयीन परिवार के सदस्यों को मुखर व सक्रिय रहने का संदेश दिया। उज्जैन संभाग के पदाधिकारी डॉ. विजय गुप्ता ने शिक्षक संघ की कार्य प्रणाली व गतिविधियों के बारे में बताया। प्रांतीय उपाघ्यक्ष डॉ. अनिल शिवानी ने शिक्षकों को एकजुट रहने के लिए प्रेरित किया व ब्लॉक स्तर से जिला स्तर तक की सभी इकाइयों को सक्रिय रहने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान होने या न होने के लिए हम सभी उत्तरदायी है। इस अवसर पर शिक्षक संघ पदाधिकारियों को डॉ. डीएस बामनिया, डॉ. यूएस बघेल ने परिवीक्षा अवधि समाप्त करने व एरियर आदि समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया। संचालन डॉ. राजाराम आर्य ने किया व आभार डॉ. महेश गुप्ता ने माना।