फूड पार्क का शुभारंभ आज, सीएम सहित तीन केंद्रीय मंत्री आएंगे
औद्योगिक क्षेत्र निमरानी के पानवा में इंडस फूडपार्क।
भास्कर संवाददाता | खरगोन
आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित निमरानी औद्योगिक क्षेत्र के पानवा में 125 करोड़ लागत के मेगा फूड पार्क का 12 फरवरी को दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडू, केंद्रीय खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल, केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व पशुपालन, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री कुसुम मेहदले करेंगे।
केंद्र सरकार की स्टार्टअप योजना के तहत नए उद्योगों को प्रोत्साहन देने की परिकल्पना प्रदेश में यहां इंडस मेगा पार्क के रूप में साकार होगी। इसमें उद्योग के प्रोत्साहन के लिए पांच साल तक टैक्स में छूट का प्रावधान है। औद्योगिक पार्क से लगे 25 से ज्यादा गांवों के 2500 परिवारों की जिंदगी में बदलाव आएगा। डायरेक्टर विश्नाथ राजू ने बताया फूड मॉनीटरिंग व पार्क परिसर में खेती के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षत किया जा रहा है। विश्वस्तरीय मानकों के उत्पाद निर्यात होंगे। खरगोन-बड़वानी सांसद सुभाष पटेल ने कहा, विश्वस्तरीय उद्योग लगने से जिले व आसपास के किसानों को उत्पाद का लाभ मिलेगा। सामाजिक व आर्थिक हालात में बदलाव आएगा। क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। कलेक्टर नीरज दुबे ने बताया फूड प्रोसेसिंग की शुरुआत हो गई है। आगे इसका विस्तार होगा।
जल सम्मेलन में हनुवंतिया जाएंगे मुख्यमंत्री-मंत्री
पानवा में फूड पार्क के शुभारंभ के बाद किसान सम्मेलन भी होगा। यहां किसानों से रूबरू होने के बाद केंद्रीय मंत्री नायडु व मुख्यमंत्री चौहान हेलिकाप्टर से खंडवा जिले के हनुवंतिया में जल सम्मेलन में शामिल होने रवाना होंगे। केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल, राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व पशुपालन मंत्री मेहदले इंदौर लौट जाएंगी।