पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • डॉक्टर ने कहा ठंड और कमजोरी से गई जान

डॉक्टर ने कहा- ठंड और कमजोरी से गई जान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
खकनार (बुरहानपुर)। जिले के तुकईथड़ रेलवे स्टेशन के बाहर सो रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। डाॅक्टर उसकी मौत का कारण ठंड और कमजोरी बता रहे हैं। उसकी जेब से मतदाता परिचय पत्र और टेलीफोन नंबरों की डायरी मिली है। इस आधार पर शिनाख्त खरगोन जिले की बड़वाह तहसील के ग्राम बफलगांव-रतनपुर निवासी खूबचंद राजाराम के रूप में हुई। मृतक के भानजे ने बताया मामाजी इंदौर-अकोला पैसेंजर बड़वाह लौट रहे थे। संभवत: उन्हें नींद लग गई और वे तुकईथड़ पहुंच गए। खकनार थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
घटना बुधवार दोपहर 12 बजे की है। बुधवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस था। खकनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर देवेंद्र पूनीवाला ने बताया बुजुर्ग की मौत ठंड, कमजोरी और भूख के कारण हुई है।

जानकारी अनुसार तुकईथड़ रेलवे स्टेशन के बाहर दोपहर 12 बजे लोगों ने खूबचंद को लेटे देखा। तबीयत खराब होने की आशंका पर लोगों ने खकनार थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। यहां से एंबुलेंस 108 मौके पर पहुंची। इससे खूबचंद को खकनार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बुरहानपुर के जिला अस्पताल रैफर करने की तैयारी की जा रही थी। लेकिन इस दौरान उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने मौत के पीछे ठंड को कारण बताया है।
पुलिस ने डायरी में नंबर देखकर खूबचंद के भानजे जिला पंचायत बुरहानपुर में सहायक कृषि उद्यानिकी अधिकारी आशीष आनंदराव कुड़ेकर सहित अन्य परिजन को सूचना दी। इस पर आशीष खकनार पहुंचे। पुलिस ने शाम करीब 7 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजन गुरुवार सुबह शव बफलगांव ले जाएंगे।

तापमान
जिला अधि. न्यून.
बड़वानी28.0 12.7
खरगोन 31.0 12.7
बुरहानपुर 34.0 10.0
खंडवा 30.5 14.0

जाना था बड़वाह, नींद के झोंके में पहुंचे खकनार
हाइपोथर्मिया से होती है मौत
'' ठंड से किसी की भी मौत नहीं होती। ठंड में भी शरीर का तापमान स्थिर रहता। पर लगातार बर्फीली हवाओं या पानी के संपर्क में रहने पर हाइपोथर्मिया हो जाता है। इसमें शरीर का तापमान 35 डिग्री के नीचे जाता। इसके बाद वह रिकवर नहीं होता। तब व्यक्ति की मौत हो जाती है।'' - आरसी पनिका, सीएमएचओ खंडवा ।
बुरहानपुर में बुजुर्ग की मौत : तुकईथड़ रेलवे स्टेशन के बाहर सोया था ।
(खूबचंद )