बीड़। हनुमंतिया पर्यटन स्थल पर्यटकों के लिए पूरी तरह तैयार है। अब मात्र लोकार्पण की औपचारिकता शेष है। निगम ने मोटर बोट, क्रूज और स्कूटर की रेट लिस्ट रैंप के पास लगा दी है। रविवार को यहां पहुंचे कुछ पर्यटकों को जलाशय की सैर भी कराई गई। भोपाल में सोमवार को पर्यटन निगम अफसरों की बैठक में लोकार्पण की तारीख तय होने की संभावना है। रविवार को हनुमंतिया पहुंचे पर्यटक राकेश पालिया ने बताया जलाशय में सैर का काफी लुत्फ उठाया। रेट ज्यादा होने से गरीब तबके के लोग वोटिंग का मजा नहीं ले पाएंगे।
सुरेंद्र सोलंकी ने बताया हनुमंतिया पहुंचने के लिए कोई दिशा बोर्ड नहीं लगाया गया है। पर्यटकों को ग्रामीणों से रास्ता पूछकर यहां पहुंचना पड़ा। मार्ग की हालत भी अच्छी नहीं है। वोट में पहले वोटिंग कर चुके हैं, लेकिन मिनी क्रूज में ज्यादा आनंद आया।
पर्यटकों को बोटिंग कराकर टेस्टिंग की : '' निगम ने सभी बोटों के रेट निर्धारित कर दिए हैं। लोकार्पण की तारीख तय नहीं हुई है। सोमवार को भोपाल में निगम अफसरों की बैठक है। इसमें संभवत: तारीख तय हो सकती है। रविवार को टेस्टिंग के हिसाब से पर्यटकों को बोटिंग कराई गई।''- गजेंद्र सिंह राठौड़, प्रबंधक हनुमंतिया टापू ।
पर्यटकों को जलाशय की सैर कराकर टेस्टिंग की गई। किराया तय होने के बाद अब यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। रविवार छुट्टी के दिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचेंगे।
बोट क्लब द्वारा निर्धारित की गई रेट लिस्ट का बोर्ड लगा दिया गया है।