खंडवा. चूनाव बहिष्कार की बात कह कर सड़क, नाली और बरसाती पानी के निकासी सहित अन्य मांगों को लेकर किया जा रहा वत्सला विहार कॉलोनी में धरना और विरोध प्रदर्शन 10वें दिन समाप्त हो गया।
शुक्रवार शाम धरना स्थल पर पहले अफसर पहुंचे। लोगों को कॉलोनी हस्तांतरण और काम शुरू करने प्रक्रिया समझाई। एक घंटे बाद विधायक देवेंद्र वर्मा पहुंचे। उन्हें देखते ही महिलाएं आक्रोशित होते हुए बोली- फुर्सत मिल गई। 10 दिन में होश आया। बड़े झूठे वादे हैं आपके, चुनाव से पहले आए थे। तब से अब तक बहुत बदल गए।
जनता की बात नहीं सुन सके वह नेता नहीं है। आपके घर की रोड कैसी है। महिलाओं का आक्रोश देख विधायक 10 मिनट तक चुप रहे। बातें सुनने के बाद विधायक ने कहा आज पूरी तैयारी से आए है। कॉलोनी की समस्या हल करने के लिए सभी लंबे समय से प्रयासरत थे। सिर्फ धरने से यह काम नहीं हुआ। अगली बारिश में आपको समस्याओं से नहीं जूझना पड़ेगा।
अनदेखी हुई तो उग्र आंदोलन करेंगे
विधायकके आश्वासन और अफसरों की समझाईश के बाद प्रदर्शनकारी मान गए। उन्होंने विधायक से कह दिया जल्दी काम शुरू नहीं हुआ और अनदेखी हुई तो फिर से उग्र आंदोलन करेंगे।
विधायक लोगों के आक्रोश से काफी डरे हुए थे। इसीलिए उन्होंने आक्रोश कम करने के लिए पहले आयुक्त एसआर सोलंकी और हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री एन के वर्मा, सहायक यंत्री
पीके मेहता को भेजा। करीब एक घंटे तक अफसरों ने लोगों को समझाइश दी।
इसके बाद विधायक के पीए जीएस सेंगर बाइक से मौके पर पहुंचे और दूर से जायजा लिया। एक निगमकर्मी को फोन लगाकर पता लगाया कि सब कुछ ठीक है। इसके करीब 15 मिनट बाद विधायक वर्मा,भाजपा नेता राजेश डोंगरे, दिनेश पालीवाल सहित करीब एक दर्जन कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे।