- Hindi News
- थाने पहुंचे एसपी, गश्त और सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए
थाने पहुंचे एसपी, गश्त और सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए
अंजड़ | नगरमें पिछले करीब एक माह से चोरों ने आतंक मचा रखा है। बदमाश आए दिन चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। नगर के लोग भय और आतंक के माहौल में जीने को मजबूर है। नगर में गश्त की जा रही है। इसके बाद भी वारदातों पर पुलिस नकेल नहीं कस पा रही है। बदमाश घरों पर पत्थर बरसा कर भाग जाते हैं। कुछ ऐसी ही बात नगर के लोगों ने एसपी तिलकसिंह से सोमवार रात को कही। लोगों की शिकायत के बाद एसपी तिलकसिंह सोमवार रात को अंजड़ थाने पहुंचे। उन्होंने लोगों से मुलाकात कर समस्याएं सुनी। साथ ही टीआई को निर्देश देकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की बात कही। एसपी श्री सिंह ने जिले से 10 जवानों को भेजने के निर्देश बड़वानी पुलिस लाइन को दिए। उन्होंने टीआई बी.आर. वर्मा को पुलिस बल के साथ रात जागरण कर जनता को गश्त में सहयोग करने के निर्देश दिए। श्री वर्मा को मुख्य सड़कों पर स्टापर लगाकर प्रत्येक वाहन की जांच करने के लिए अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। रात 12 बजे तक बाजार बंद कराने सुबह 5 बजे तक गश्त करने के निर्देश दिए। प्रत्येक वाहन की जांच कर दस्तावेजों की जांच की जाए। किसी प्रकार से संदिग्ध व्यक्ति की आशंका होने पर उसे थाने लाकर पूछताछ करें।