सिंहस्थ में चलेंगी एक हजार नई बसें
विकाससिंह राठौर|इंदौर @vikas9926089898
उज्जैनमें अगले साल होने वाले सिंहस्थ के दौरान इंदौर से एक हजार से ज्यादा नई बसें चलाई जाएंगी। इनमें से ज्यादातर बसें लक्जरी होंगी। इनमें आधी बसें इंदौर से सीधे उज्जैन के लिए चलेंगी, बाकी बसें तीर्थ यात्रियों को इंदौर से उज्जैन सहित ओंकारेश्वर और महेश्वर के दर्शन करवाने के लिए चलेंगी। बाहर से आने वाले यात्री इन बसों में पहले से बुकिंग भी करवा सकेंगे, इसके लिए इन बसों में ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी दी जाएगी।
सिंहस्थ के लिए देशभर के साथ ही विदेशों से भी लाखों लोग उज्जैन पहुंचेंगे। इनके लिए बस, ट्रेन और हवाई यात्रियों के लिहाज से इंदौर सबसे प्रमुख स्थान होगा, जहां यात्री आकर उज्जैन जाएंगे या यहां से लौटेंगे। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए परिवहन विभाग ने अभी से तैयारी करना शुरू कर दी है।
उज्जैनके लिए चलेंगी नॉन स्टाप एसी बसें- इंदौरसे उज्जैन के लिए 98 बसों के पास परमिट हैं, जो रोजाना करीब 200 फेरे लगाती हैं। वहीं बदनावर, आगर सहित आगे के प्रमुख स्थानों तक जाने वाली करीब 50 बसें भी उज्जैन होकर जाती और आती हैं। सिंहस्थ के दौरान लाखों यात्रियों के लिए 500 नॉन स्टाप बसें चलाई जाएंगी। इनमें एसी बसों को प्राथमिकता दी जाएगी।