- Hindi News
- डले वोट ईवीएम की गिनती में 32 वोटों के अंतर की शिकायत
डले वोट ईवीएम की गिनती में 32 वोटों के अंतर की शिकायत
बदनावर| नगरपरिषद चुनाव में डले वोट और ईवीएम की गिनती में 32 वोट का अंतर सामने आया है। इस मामले में हारे प्रत्याशी धर्मेंद्र शर्मा (भाजपा) ने रिटर्निंग ऑफिसर को शिकायत की है। इसमें 2 दिसंबर को मतदान के बाद जारी कुल मतों की संख्या के आंकड़े और ईवीएम से प्राप्त हुए परिणाम की स्लीप को आधार बनाया गया है। हालांकि काउंटिंग के वक्त के बजाय पांच दिन बाद शिकायत करने से मामला जांच का विषय बन गया है। चुनाव में 15 वार्डों के लिए ईवीएम से 2 दिसंबर को मतदान हुआ था। 7 दिसंबर को मतगणना में कांग्रेस के अभिषेक मोदी 1894 मतों से विजयी घोषित किए गए। भाजपा की ओर से एसडीएम एकता जायसवाल को की गई शिकायत बताया गया कि इन 15 वार्डों की ईवीएम में जो मत निकले वह मतदान की संख्या से 32 अधिक हैं। ईवीएम में गड़बड़ी की आशंका जाहिर की है। बताया है कि वार्ड 2 में कुल 791 मत गिरे थे जबकि गिनती में 794 आए। वार्ड 3 में कुल मत 570 गिर थे, गिनती में 572 रहे हैं। वार्ड 4 में 785 मत गिरे थे और गिनती में 787 आए। वार्ड 5 में 777 मत गिरे और गिनती में 782 रहे है। वार्ड 6 में 815 मत गिरे थे जबकि गिनती में 817 रहे हैं। वार्ड 7 में 804 मत गिरे थे। गिनती में 806 हैं। एसडीएम ने कहा 32 मतों की गिनती के संबंध में शिकायत मिली हैं। मशीनों में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। कागजों को एक बार फिर दिखवा रहे हैं। जांच करेंगे।