- Hindi News
- ‘न्यायालयों में 24 प्रतिशत पेंडेंसी हुई कम’
‘न्यायालयों में 24 प्रतिशत पेंडेंसी हुई कम’
बदनावर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र शृंखला कोर्ट शुरू
भास्करसंवाददाता| बदनावर
अतिरिक्तजिला एवं सत्र शृंखला कोर्ट की स्थापना एवं शुभारंभ रविवार को कोर्ट परिसर में आयोजित समारोह में हुआ। मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र जज एके तिवारी ने कहा जज का काम न्याय करना होता है। एडीजे कोर्ट की स्थापना से न्याय सुलभ एवं सस्ता होने से लोगों को लाभ मिलेगा। काम को परस्यु करना होता है। पैसे की कोई कमी नहीं होती। सभी तहसीलों की कोर्ट में बेहतर काम चल रहा है। 24 प्रतिशत पेंडेंसी कम हुई है। लोक अदालत में मप्र में धार का पांचवां एवं इंदौर में पहला स्थान रहा है। जज बंगलों, बार रुम एवं बाउंड्रीवाल की जरूरत बताई। विशेष अतिथि प्रथम अपर जिला एवं सत्र जज एए खान ने कहा कि समाज का अंतिम पंक्ति का व्यक्ति न्याय के दरवाजे पर खड़ा है। किसी एक दिन किसी एक आदमी को खुश होकर जाने दें तो न्याय सदन से वर्षांत तक नतीजे काफी सकारात्मक होंगे। न्याय व्यवस्था में तटस्थ निर्णय होते है। अहम और अहंकार भी जगते हैं। ऐसे में इन्हें शिरोधार्य करना चाहिए।
विधायक भवरसिंह शेखावत ने कहा गरीब और आम जनता को न्याय सुलभ, सस्ता आसानी से नजदीक मिलना चाहिए। ऐसे में एडीजे कोर्ट की शुरुआत ऐतिहासिक कदम है। आचार संहिता के कारण कामों में देरी को लेकर इस पर समीक्षा होनी चाहिए। बाधा पर विचार भी जरूरी है। विधायक ने स्वयं की एवं सांसद निधि से 10-10 लाख रुपए जज बंगलों, बार रुम एवं बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए देने की घोषणा मंच से की। कलेक्टर जयश्री कियावत ने कहा समाज के प्रति जागरूकता जरूरी है, शिक्षा के क्षेत्र में पहल की बात करते कहा कि बाकी दिनों में एक घंटे स्कूलों में जाकर बच्चों को अपने फिल्ड के बारे में गाइडेंस दें। गुड मॉर्निंग कार्यक्रम प्रारंभ करने की बात भी कही। कहा व्यवहार अच्छा होना चाहिए। सारे विवाद की जड़ ही संवाद होता है। एसपी राजेश हिंगणकर ने भी एडीजे कोर्ट प्रारंभ होने से जनता को काफी लाभ बताया। कहा कि पॉलिसिंग में भी केस अच्छे से मॉनीटर होंगे एवं पैरवी में भी लाभ मिलेगा। अध्यक्षता बार एसो. अध्यक्ष एमएस सोनगरा ने की। एडीजे सविता दुबे भी मौजूद थी। प्रताप विद्या निकेतन की छात्राओं ने सरस्वती वंदना की। प्रथम श्रेणी जज एएस भूरिया, एमएस सोलंकी, दिनेश मीणा, धार बार एसो. अध्यक्ष जेसी मलतारे, रजनीश शर्मा रतलाम, हर्षवर्धनसिंह राठौर दिल्ली, जीपी सिंह, अरुण सुंदेचा, मुकेश संघवी, शमशाद कुरैशी सहित अधिवक्ताओं ने अतिथि स्वागत किया।
बार एसोसिएशन की ओर से अतिथियों को प्रतीक चिह्न भी भेंट किए। संचालन डीपीओ कैलाश व्यास ने किया। आभार सचिव जितेंद्र सोलंकी ने माना। समारोह के बाद अतिथियों ने फीता काटकर शुभारंभ किया। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद थे।
बदनावर. समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।