सनावद में 40 और बड़वाह में 25 लाख रुपए का कारोबार प्रभावित
सोने-चांदी की खरीदी पर पैनकार्ड की अनिवार्यता का विरोध बुधवार को सनावद-बड़वाह के सराफा व्यापारियों ने किया। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान दिनभर बंद रखे। असर यह हुआ कि दोनों जगह करीब 65 लाख का कारोबार प्रभावित हुआ। खरीदारी करने आए ग्राहक निराश होकर लौटे।
बड़वाह में करीब 50 सराफा व्यापारियों ने दुकानें बंद रखी। चार घंटे मुख्य चौराहे पर धरना दिया। हड़ताल के चलते 25 लाख का कारोबार प्रभावित हुआ। हड़ताल से अंजान खरीदार दिनभर बाजार में भटकते रहे। धरना प्रदर्शन में संजय सोनी, मुकेश सोनी, निलेश सराफ, राजेश सोनी, किशन सोनी, राजेंद्र सोनी, नितिन जैन, विजय सोनी, विजय पगारिया, विशाल सोनी, विवेक जैन, श्रद्धेय जैन, राजेश सराफ, राजू रोकड़िया आदि मौजूद थे।
बाजार में दिखी भीड़, परेशान हुए खरीदार
गुरुवार को शादी का विशेष मुहूर्त व शुक्रवार को बसंत पंचमी है। इसके लिए साेना-चांदी के खरीदार बुधवार को बड़ी संख्या में सराफा में आए। दुकानें बंद होने से उन्हें खासा परेशान होना पड़ा। नगर सराफा व्यापारी एसोसिएशन सचिव जितेंद्र सोनी ने बताया मुहूर्त के चलते कई व्यापारियों ने ग्राहक की डिमांड पर आभूषण तैयार किए थे, लेकिन बाजार बंद होने से आभूषण नहीं दे पाए। ग्राहक बैरंग लौटे। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के खरीददार ज्यादा परेशान हुए।
इसलिए हो रहा है विरोध
व्यापारियों ने बताया भारत सरकार ने दो लाख रुपए के सोने-चांदी की खरीदी पर पेन कार्ड अनिवार्य कर दिया है। लेकिन इससे ग्राहकों की परेशानी बढ़ेगी। नियम के लागू होने से ग्राहक आभूषणों की खरीदी में हिचकेंगे। इसका नुकसान दुकानदारों काे भी होगा। व्यापारियों ने मांग की है कि पेनकार्ड की अनिवार्यता लिमिट दो लाख से बढ़ाकर पांच लाख कर दी जाए।
शादी में ले जाने थे आभूषण खाली हाथ लौटे
लखनपूरा निवासी नाहरसिंह भतीजी की शादी के लिए आभूषण लेने झंडा चौक स्थित एक दुकान पर पहुंचे। लेकिन दुकान पर ताला लगा था। बाद में मालूम पड़ा कि व्यापारी हड़ताल पर हैं। इसलिए दुकानें बंद है। नाहरसिंह ने दुकानदार को फोन लगाया, लेकिन दुकानदार ने गुरुवार को आने की बात कही। मजबूरन नाहरसिंह उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
बड़वाह. पेनकार्ड की अनिवार्यता का विरोध करते हुए सराफा व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रख मुख्य चौराहे पर चार घंटे धरना दिया।
सनावद में सराफा की 100 दुकानें बंद रही
सनावद | पेनकार्ड की अनिवार्यता के विरोध का असर सुबह से ही बाजार में दिखा। सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष आशीष चौधरी ने बताया विरोध स्वरूप बाजार की करीब 100 सराफा दुकानें दिनभर बंद रही। व्यापारियों ने कामकाज नहीं किया। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष योगेश नीमा ने बताया रोजाना करीब 700 ग्राम सोना-चांदी बिकता है, इस लिहाज से करीब 40 लाख का कारोबार प्रभावित हुआ है।