कोठियों पर चढ़े सेल्समेन फिर भी नेटवर्क नहीं मिला
उपभोक्ताओं को राशन बांटने के बाद सर्वर फेल
भास्कर संवाददाता | बासवा
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 11 फरवरी से बड़वाह ब्लॉक की 96 राशन दुकानों के 63500 उपभोक्ताओं के लिए थंब इंप्रेशन मशीन से राशन वितरण योजना शुरू की। योजना के दूसरे दिन ही सेल्समेन परेशान हुए। बासवा की शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर दिनभर थंब मशीन के जरिए उपभोक्ताओं को राशन बांटा गया। शाम को वितरण की जानकारी भोपाल अपलोड करने की बारी आई तो सर्वर फैल हो गया। सेल्समेन गुरुसेवक पटेल ने मशीन उठाई और उपभोक्ता धर्मेंद्र करोले के हाथ में एंटीना लेकर परिसर में रखी केरोसीन की खाली कोठियों पर चढ़े। देर तक नेटवर्क टटोला लेकिन हताशा ही हाथ लगी। घंटों माथापच्ची के बाद भी कवरेज नहीं मिला।
बासवा की शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर शनिवार को योजना के तहत आधा ही काम हुआ। दुकान में लगी मशीन का सर्वर शाम को डाउन हो गया। 110 उपभोक्ताओं को दिनभर में 20 क्विंटल गेहूं, 5 क्विंटल चावल, 422 लीटर केरोसीन व एक क्विंटल शकर तो बांट दी लेकिन इस खाद्य सामग्री के वितरण की जानकारी भाेपाल स्थित वरिष्ठ कार्यालय में अपलोड करने की बारी आई तो कवरेज गायब हो गया। सेल्समेन मशीन लेकर परिसर के चक्कर लगाते रहे, भवन की छत पर भी चढ़े लेकिन कवरेज कहीं नहीं मिला।
दूसरे दिन आई यह समस्याएं
मशीन में कुछ उपभोक्ताओं का आईडी नंबर अमान्य दर्शाया गया।
कुछ उपभोक्ता तकनीकी परेशानी के चलते खाली हाथ लौटे।
कोई विकल्प नहीं है
सर्वर पावरफुल बनाएंगे। एक सप्ताह बाद भी राशन वितरण का डाटा अपलोड करेंगे तो कोई परेशानी नहीं होगी। समस्या को दूर किया जाएगा। फिलहाल इसका कोई विकल्प नहीं है। -आरपी शर्मा, सहायक खाद्य अधिकारी, बड़वाह
दूसरे दिन ही योजना में अड़ंगा
सेल्सेमेन ने लोहे की कोठियों पर चढ़कर मशीन उठाई। उपभोक्ता धर्मेंद्र एंटिना ऊंचा करते रहे, लेकिन कवरेज नहीं मिला।