बल्लेबाजों ने लगाए चौके-छक्के गेंदबाजों ने चटके विकेट
विधायक क्रिकेट ट्रॉफी : पहले दिन हुए पांच मैच, आज भी भिड़ेंगी टीमें
भास्कर संवाददाता | सनावद
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बड़वाह विधानसभा क्षेत्र में चार दिनी विधायक ट्राफी टेनिस बाल क्रिकेट स्पर्धा अवंती सुतमिल ग्राउंड पर शनिवार से शुरू हुई। पहले दिन मैत्री मैच सहित पांच मुकाबले हुए। बल्लेबाजों ने खूब चौके-छक्के लगाए तो युवा गेंदबाजों ने विकेट चटके। सुबह 10 बजे शुरू हुई स्पर्धा शाम 5 बजे तक चली। मुख्य मुकाबलों के बीच विधायक इलेवन व संगठन इलेवन के बीच मैत्री मैच भी हुआ। स्पर्धा का फाइनल मुकाबला 16 फरवरी को इसी मैदान पर होगा। स्पर्धा के उद्घाटन सत्र में विधायक हितेंद्रसिंह सोलंकी, भानूप्रतापसिंह सोलंकी, आयुष गोयल, नेता प्रतिपक्ष श्याम पुरोहित, कपिल जटाले, पवन गोधा, यश गोधा, रियाज बैग, बबलू शेख सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
स्पर्धा का पहला मुकाबला सनावद की गुरुनानक व एरिगेशन टीम के बीच हुआ। गुरुनानक टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 54 रन बनाए। एरिगेशन की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की। इसमें मैन आफ द मैच इमरान चौहान रहे। दूसरा मुकाबला बमनगांव और मलगांव टीम के बीच हुआ। इसमें मलगांव ने 74 रन बनाए। जवाब में बमनगांव की टीम 53 पर अाल आउट हो गई। तीसरे मुकाबले में बासवा की महाराणा क्लब व बडूद की टीम आमने-सामने थी। बडूद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 96 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में बासवा की टीम महज 33 रन पर सिमट गई। चौथा मुकाबला सनावद की डायमंड क्लब व यलगार क्लब के बीच हुआ। इसमें डायमंड क्लब विजयी रही। अंतिम मुकाबले में इलेवन स्टार सनावद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 65 रन बनाए। जवाब में रायल स्टार 34 रन पर आलआउट हो गई। अंपायर की भूमिका गौरव व सुनील ने निभाई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया विधायक कप सनावद से 32 टीमों के आवेदन आए हैं। विजेता टीम को 11000 व उपविजेता को 5100 रुपए दिए जाएंगे। तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को एक आकर्षक ट्रॉफी से पुरस्कृत करेंगे। फायनल मैच दस ओवर को होगा।