प्रतिमा स्थापना की 7वीं वर्षगांठ पर पालकी यात्रा निकाली
बड़वाह | फूलों से सजी पालकी में सांईनाथ भगवान की प्रतिमा विराजित थी। आगे-आगे सांईबाबा की वेशभूषा में मुन्ना ठाकुर चल रहे थे। भक्त अन्नू मराठा छतरी लेकर चल रहा था। पीछे-पीछे फूलों की बरसात हो रही थी। यह नजारा गुरुवार को कंवर काॅलोनी स्थित सांईबाबा की प्रतिमा स्थापना के 7वीं वर्षगांठ पर सांई सेवा ट्रस्ट द्वारा निकाली गई पालकी यात्रा में देखने को मिला। श्रद्धालु बैंड-बाजे की धुन पर भजनों पर थिरक रहे थे। यात्रा कंवर काॅलोनी, जय स्तंभ चौराहा, नर्मदा रोड होते हुए वापस सांई मंदिर पहुंची। जगह-जगह स्वागत हुआ। पूजा-अर्चना के बाद महाआरती हुई। भंडारा हुआ। इसमें हजारों भक्तों ने प्रसादी ली। इसके पहले सुबह सांईबाबा का दुग्धाभिषेक हुआ।