रिकार्ड के लिए फेसबुक वाट्सएप पर पंजीयन
वेलेंटाइन-डे पर 1500 यूनिट रक्त जुटाने के लिए रैली से किया जागरूक
भास्कर संवाददाता | भीकनगांव
वेलेंटाइन-डे पर जीवन बचाने का संदेश देकर लक्ष्य परिवार प्रदेश का सबसे बड़ा रक्तदान शिविर लगाने की तैयारी कर रहा है। 14 फरवरी को टंट्या मामा सामुदायिक भवन में शिविर लगेगा।
1500 यूनिट रक्तदान के लिए डोनर फेसबुक और वाट्सएप के जरिए संस्था में अपना रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। संस्था के अनुसार युवाओं को सोशल नेटवर्किंग साइट्स के माध्यम से रक्तदान के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। इससे जुडी़ सामान्य भ्रांतियों को भी दूर कर रहे हैं। संस्था के रिकार्ड लक्ष्य के लिए क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में भी उत्साह बना हुआ है। रक्तदान के लिए मंगलवार को नगर में जागरुकता रैली निकाली गई। इसमें स्कूली बच्चों ने भाग लेकर शिविर में भाग लेने की अपील की।
टोकन के साथ मिलेगा प्रशस्ति पत्र
शिविर में जिला अस्पताल सहित इंदौर के एमव्हाय अस्पताल के 60 कर्मचारियों का दल मौजूद रहेगा। मौके पर ही ब्लड़ ग्रुप की जांच की सुविधा भी होगी। शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों को जिला अस्पताल की ओर से एक टोकन दिया जाएगा। इसके आधार पर टोकनधारी एक साल तक जरुरतमंद को रक्त उपलब्ध करा सकेगा। इसके अलावा लक्ष्य संस्था द्वारा रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा।
रक्तदान शिविर के लिए निकली जागरुकता रैली।