यादव और गुर्जर समाज के 27 जोड़े गायत्री मंत्र से विवाह बंधन में बंधे
कातोरा में 22 जोड़ाें ने लिए सात फेरे
भीकनगांव और टेमा में सामूहिक विवाह सम्मेलन
सभी जोड़ों को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का फायदा मिला
बसंत पंचमी
भास्कर संवाददाता | भीकनगांव/बमनाला
बसंत पंचमी पर क्षेत्र के दो गांवों में सामूहिक विवाह सम्मेलन हुए। टेमा (बेहरामपुर) गांव में यादव समाज के सम्मेलन में 15 जोड़े शामिल हुए। इसमें गायत्री परिवार के साधकों ने विवाह की रस्म संपन्न कराई। समाज के मुकेश विशनोले, उद्धव पटेल ने बताया कार्यक्रम में शामिल जोड़ों को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ दिया गया। इसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लिया। कार्यक्रम में खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, कसरावद विधायक सचिन यादव, रवि जोशी सहित ग्राम के महेंद्र यादव, कमल यादव, महेश यादव, मुकेश यादव, संजय यादव, दीपक यादव, गणपति पटेल, रामलाल वर्मा, नंदकिशोर पटेल आदि मौजूद थे।
भीकनगांव कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को रेवा गुर्जर समाज का विवाह सम्मेलन हुआ। इसमें समाज के 12 जोड़े परिणय बंधन में बंधे। इस दौरान रामेश्वर बिरला, दुलीचंद बांके, सेवकराम गुर्जर, शांतिलाल गुर्जर आदि मौजूद थे।
कसरावद| अखिल भारतीय क्षत्रिय राजपूत समाज का आज 20वां सामूहिक विवाह सम्मेलन कृषि उपज मंडी परिसर में होगा। इसमें 52 जोडे़ परिणय में बंधेंगे। विवाह समिति अध्यक्ष सुरेन्द्रसिंह राठौर (भीलगांव) ने बताया शनिवार को दिवा लग्न पद्धति से विवाह होगा। सम्मेलन में खरगोन, खंडवा, बड़वानी व धार के करीब 12 हजार से अधिक समाजजन शामिल होंगे।
पीपलगोन | रेवा गुर्जर समाज कातोरा ने बसंत पंचमी पर 32वां सामूहिक विवाह सम्मेलन किया। इसमें 22 जोडे़ परिणय बंधन में बंधे। वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए बड़ी संख्या में समाजजन पहुंचे। सम्मेलन के अध्यक्ष गुलाबचंद भगोरिया, उपाध्यक्ष प्रेमलाल धापरिया, रामेश्वर नादिया, दिलीप बिर्ले, रामलाल धापरिया, केवलराम चौधरी ने बताया फिजूलखर्च रोकने के लिए बीते 32 वर्षों से सामूहिक विवाह सम्मेलन कर रहे हैं, इसमें समाजजन बढ़-चढ़कर भाग लेते है। पंडित मनोज बर्वे ने बताया मंत्रोच्चार के साथ रस्म पूरी कराई। सम्मेलन के लिए कार्यों का विभाजन कर जिम्मेदारी दी गई। इसमें पार्किंग, निवास पंडाल, भोजन, लग्न पांडाल आदि में समाजजनों ने भूमिका निभाई।
पीपलगोन मंे सामूहिक विवाह सम्मेलन मंे शामिल जोड़े। वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए बड़ी संख्या में समाजजन पहुंचे।
आज गोगावां में 21 जोड़े होंगे शामिल
गोगावां | अनुसूचित जाति-जनजाति संघर्ष मोर्चा इकाई द्वारा शनिवार को तहसील परिसर में सामूहिक विवाह सम्मेलन होगा। इसमें 21 जोडे़ शामिल होंगे। समिति के दिलीप पंचोली, मनोज रावल ने बताया सम्मेलन में बेटी बचाओ व दहेज प्रथा के विराेध में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। आदिवासी लोकनृत्य दल भी शामिल होगा। पंचोली ने बताया सम्मेलन में एक मूक-बधिर जोड़ा व एक अंतरजातीय जोड़ा भी शामिल होगा।
खामखेड़ा | शनिवार को नाभावंशी फूलमाली समाज का सामूहिक सम्मेलन मुलठान में हाेगा। इसमें 4 जोड़े शामिल होंगे। समाज के रमेश जाधम ने बताया सम्मेलन से समाज को फिजूलखर्च रोकने का संदेश देंगे।
भीकनगांव में सामूहिक विवाह सम्मेलन मंे शामिल जोड़े।