44 करोड़ रुपए के कुंदा शुद्धिकरण के लिए सम्मेलन
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण सहित कई सड़कों के कामों को मिली मंजूरी
भास्कर संवाददाता | खरगोन
झिरन्या में जिला योजना समिति की बैठक में स्वीकृत हुई कुंदा शुद्धिकरण योजना को जमीन पर लाने के प्रयास तेज हो गए हैं। 44 करोड़ रुपए की योजना के लिए मंगलवार को परिषद का विशेष सम्मेलन बुलाया गया है। सीएमओ निशीकांत शुक्ला ने बताया बैठक में प्रोजेक्ट का अनुमोदन कराना है। जिससे इसे जल्द शासन को भेजा जाए। जियोस की बैठक में कुंदा शुद्धिकरण का प्रोजेक्ट पास हुआ है। इसके लिए संयंत्र स्थापित होंगे। नदी किनारे बगीचे बनेंगे। लाइटिंग लगेगी। इसके अलावा एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी बनेगा।
पीआईसी की अध्यक्षता विपिन गौर ने की। स्वास्थ्य व चिकित्सा विभाग प्रभारी दीपक चौरे, कार्यालय अधीक्षक मोहनसिंह कुशवाह आदि मौजूद थे। इसमें वार्ड 2 के इस्लामपुरा में सीसी रोड निर्माण, वार्ड 4 में गौरीधाम व चमेली की बाड़ी मे मुख्य मार्ग से पानी टंकी तक सीसी रोड, वार्ड 26 में अमन नगर की गली नं. 1, 2, 3 व दशहरा मैदान में सीसी रोड, वार्ड 30 में स्वर्णकार कॉलोनी में सीसी रोड निर्माण की प्राप्त निविदाओं में से न्यूनतम निविदा दरों को स्वीकृति दी गई। सीएमओ निशिकांत शुक्ला ने बताया, आने वाले गर्मी के मौसम को देखते हुए वार्ड 6 जैतापुर के द्वारकाधाम, साकेत नगर, वार्ड 14 में जिलानी नगर, करीम नगर, वार्ड 24 के संजयनगर, वार्ड 29-30 बिस्टान रोड नहर के पास पाइप लाइन बिछाने कार्य के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। पोस्ट आॅफिस चौराहा पर हाई मास्ट को स्वीकृति मिली है। कचरे से बनी कम्पोस्ट खाद के 30 किग्रा के बेग की प्रति बेग मूल्य निर्धारण किया है। कचरा प्रबंधन का काम करने वाली डिवाइन एंड वेस्ट मैनेजमेंट एंड सर्विस की कार्यावधि बढ़ाई गई है। सीएमओ के मुताबिक एक जेसीबी खरीदी जाएगी।