कीकू शारदा ने कुछ गलत नहीं किया : उदय दहिया
खरगोन में होने वाले कार्यक्रम निरस्त होने के बाद धामनोद में कुछ देर रुके हास्य कलाकार
भास्कर संवाददाता | धामनोद
जिसका जो कार्य है, उसी को करना चाहिए। संत राम रहिम अपने आप को संत कहते हैं परंतु फिल्मों में नाच गाना कर रहे हैं। ऐसे में कलाकार कीकू शारदा ने उनका अभिनय कर लिया तो क्या गलत किया वो तो सच्चा कलाकार है। यह बातें हास्य कलाकार उदय दहिया ने धामनोद में भास्कर से चर्चा में कही। उदय खरगोन जिले के पानवा क्षेत्र में अपना कार्यक्रम देने आए थे लेकिन कार्यक्रम निरस्त हो गया। धामनोद में चर्चा में दहिया ने बताया वे मूलतः मप्र के पिपरिया के रहने वाले हैं। विगत 10 साल से मुंबई में रह कर काॅमेडी के माध्यम से लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं। उनके परिवार में सभी नौकरी पेशा है, लेकिन स्कूल के समय से ही वे मंचों पर महाभारत के कलाकारों की मिमिक्री कर चर्चा में आए। 2005 में टीवी शो में भाग लेकर चर्चा में आए। टीवी के प्रमुख कामेडी स्टार बन गए हैं। वे जीरो अवर्स फिल्म में भी पिता के लीड रोल में आ रहे हैं। आगे बताया पहले और अबकी कामेडी में बहुत फर्क है पहले स्टेंडअप कामेडी होती थी कलाकार की सही प्रतिभा सामने आती थी, नाम मिलता था, अब ड्रामा है। राइटर जो लिखकर देता है उस पर कामेडी करना होती है। जिस कारण सही प्रतिभा उभरकर नहीं आती। कामेडी के गिरते स्तर पर कहा कि यह सच है परंतु जनता भी यही चाहती है। कामेडी के क्षेत्र में उनका कोई गुरु नहीं है अपने काम को ही वे अपना गुरु मानते है। अंत में कहा जब जब रोना है तब तब हंसना है।
उदय।