टोल प्लाजा पर वीआईपी लेन में नहीं हुआ सुधार
कुछ दिन पहले मंत्री विजय शाह की कार पलटतेे-पलटते बचने पर दो कर्मचारियों को ले गए थे थाने
भास्कर संवाददाता | धामनोद
राऊ-खलघाट फोरलेन के खलघाट टोल बूथ पर वीआईपी वाहनों की लेन पर अव्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं हुआ। कुछ दिन पूर्व यहां मंत्री विजय शाह की कार पलटते-पलटते बची थी, जिसके बाद वे नाराज होकर बूथ के दो कर्मचारियों को थाने ले गए थे। तब टोल कंपनी ने सुधार का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है। न तो वीआईपी वाहनों के लिए कोई अलग व्यवस्था की गई है न ही कोई सुधार कार्य किया। अभी तक किसी भी प्रकार से कोई परिवर्तन नहीं किया है। टोल प्रबंधन दोपहिया वाहनों के लिए छोड़े रास्ते से ही विशेष वाहनों को निकाला रहा है।
प्रबंधक बोले - जैसा मंत्री जी ने कहा था, वैसा कर दिया
ये रास्ता महज दोपहिया वाहनों के लिए है लेकिन केवल 4 से 5 फीट चौड़े इस गलियारे से न केवल दोपहिया वाहन बल्कि तिपहिया टैंपो सहित वीआईपी कारें, ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी गुजार दी जाती है। रास्ता इतना संकरा है कि जरा भी पहिया इधर से उधर हुआ कि दुर्घटना घटी। दिनभर दोपहिया वाहन से गुजरने वाले लोग परेशान रहते हैं। सारा दिन जाम की स्थिति रहती है। टोल प्रबंधक अशोक गौड़ ने कहा जैसा मंत्री जी ने कहा था, वैसा कर दिया गया है।
राऊ-खलघाट फोरलेन