- Hindi News
- कुक्षी कपास मंडी में हंगामा, दो घंटे ठप रही नीलामी
कुक्षी कपास मंडी में हंगामा, दो घंटे ठप रही नीलामी
मुहूर्तके दो दिन बाद ही कुक्षी मंडी में कपास की भारी आवक के साथ भाव कम होने के चलते सोमवार को हंगामा हो गया। किसानों ने विरोध किया। 2 घंटे नीलामी रुकी रही। एसडीएम रेखा राठौर ने पहुंच कर किसान व्यापारियों से बातचीत कर नीलामी दोबारा शुरू करवाई। दोबारा नीलामी शुरू होने पर भाव में सुधार आया। व्यापारी महेंद्र गुप्ता, हीराभाई पाटीदार, राजू डुंगरवाल का कहना है अभी माल सीलन वाला होने से भाव नहीं है। आसपास धामनोद अंजड़ मंडी से भाव फिर भी कुक्षी मंडी में अधिक है। सूखा माल आने पर भाव बढ़ने की संभावना है। किसानों ने कुक्षी एसडीएम को बताया मंडी में लाइसेंसधारी व्यापारियों की संख्या ज्यादा है और कपास नीलामी में नाम मात्र व्यापारी ही आते हैं। कपास के व्यापार से जुड़े और कई व्यापारी है जो की नीलामी में भाग नहीं लेते हैं। ऐसे व्यापारियों का लायसेंस निरस्त करने की मांग की। किसान रमेश पटेल तलवाड़ा, महिमाराम पाटीदार, रामदास पाटीदार, रामेश्वर पाटीदार ने सचिव के नदारद रहने की भी शिकायत की। सीसीआई द्वारा कपास खरीदी जल्द शुरू करने की मांग की। सोमवार को मंडी में कपास की आवक 38 बैलगाड़ी एवं 80 वाहन रही। न्यूनतम भाव 2000 एवं मॉडल 3400, अधिकतम भाव 3800 रहा।