- Hindi News
- सीसीआई ने नहीं की कपास खरीदी, किसान गुस्साए
सीसीआई ने नहीं की कपास खरीदी, किसान गुस्साए
शनिवार को कृषि उपज मंडी में किसान अपनी उपज लेकर आए तो नीलामी प्रारंभ होने के महज 15 मिनट पहले सीसीआई (भारतीय कपास निगम) के अधिकारी ने जलवायु के प्रतिकूल होने का बहाना लेकर खरीदी करने से मना कर दिया। इस पर किसान आक्रोशित हो गए। भारतीय किसान संघ अध्यक्ष वल्लभ पाटीदार के नेतृत्व में नारेबाजी शुरू हो गई। कहा कि जब आपको खरीदी ही नहीं करनी थी तो पूर्व में सूचित कर देना चाहिए।
किसानों को उपज का भाड़ा खर्च का नुकसान उठाना पड़ा। व्यापारियों द्वारा उसी कपास को कम भाव में मांगने की वजह से रोष भी किसानों में रहा। मंडी अध्यक्ष डॉ. कृष्णचंद्र पाटीदार ने व्यापारियों को समझाइश देकर सीसीआई के अधिकारियों को भी खरीदी के लिये तैयार किया। बताया कि जब भी सीसीआई द्वारा मंडी में नीलामी में खरीदी नहीं की जाएगी उसकी सूचना किसानों को 2 दिन पहले दी जाएगी।
आश्वासन के बाद नीलामी पुन: शुरू की। मंडी सचिव टीसी बड़ोले ने कहा पानी गिरने से सीसीआई ने खरीदी बंद की। निवेदन पर पुन: प्रारंभ हुई। सीसीआई अधिकारी ने कहा मौसम खराब देखकर हमने खरीदी बंद की थी। बाद में मंडी और किसान संघ के दबाव में खरीदी की। अब बारिश हो गई है तो सारे वाहन गीले हो गए और खड़े हैं। मंडी में 58 बैलगाड़ी, 15 वाहन की आवक रही। न्यूनतम भाव 3685 रुपए उच्चतम भाव 3985 रुपए एवं मॉडल भाव 3825 रुपए रहे।