हर एक मिनट में तीन बस, नहीं लगा जाम
समीपस्थमहेश्वर में मां नर्मदा हिंदू संगम के लिए मंगलवार सुबह नगर से हर एक मिनट में लगभग तीन बसें गुजरी। इतने ट्रैफिक में भी सड़कों पर जाम नहीं लगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुशासन और प्रबंधन से यह संभव हुआ। जगह-जगह स्वयंसेवक तैनात थे। कोई वाहन अन्य को ओवरटेक नहीं कर रहा था। सब एक सीध में चल रहे थे। हालांकि ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भारी तादाद में जिले का पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
सोमवार शाम से ही नगर की सीमा में 10 किमी से ही यातायात की व्यवस्था आरएसएस ने अपने हाथों में ले ली। तकरीबन 200 स्वयंसेवकों ने बखूबी यातायात संभाला। पुलिस व्यवस्था भी बेहद कड़ी रही। मंगलवार को दिनभर रोजाना के यातायात के अलावा हजारों बसें, ट्रक अन्य छोटे वाहनों में मां नर्मदा हिंदू संगम में शामिल होने के लिए लोग नगर से गुजरे (तकरीबन 6000 वाहन अतिरिक्त)। नगर से लगभग 10 किमी दूर इंदौर रोड पर दूधी बायपास से, मुंबई तरफ टोल प्लाजा से एवं कालीबावड़ी रोड पर बायपास से तकरीबन स्वयंसेवकों ने यातायात व्यवस्था की कमान हाथ में ले रखी थी। हर स्वयंसेवक को अपना काम मालूम था कि उसे क्या करना है और क्या नहीं। नगर के चप्पे चप्पे पर स्वयंसेवक तैनात थे। वाहनों को बिना रुके बिना बाधा के रास्ता बनाकर दिया। किसी को भी ओवरटेक करने नहीं दिया गया। सभी वाहन कतारबद्ध तरीके से चल रहे थे किसी को रुकने भी नहीं दिया जा रहा था। यातायात निर्बाध रूप से चलता रहा। आईटीआई के मैदान पर पार्किंग की व्यवस्था रखी गई थी। यही व्यवस्था जब वाहन महेश्वर से लौटे तब भी रही। वापसी के समय भी सभी वाहनों को महेश्वर चौराहे से सीधे कालीबावड़ी रोड होते हुए राऊ-खलघाट फोरलेन जाने की व्यवस्था की गई थी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 50-50 स्वयंसेवक भोजन व्यवस्था में, जल एवं प्रसाधन में, पार्किंग में, भोजन वितरण में तैनात रहे। 20 क्विंटल आटे की पूड़ियां बनाई गईं एवं साथ में मिर्ची का छुंदा दिया। कुल 15000 भोजन पैकेट बना कर बांटे गए। सरस्वती शिशु मंदिर धामनोद की स्कूल बस में भोजन पैकेट के साथ पानी के पाउच एवं बॉटल रखकर स्वयंसेवकों को उनके कार्यस्थल पर ही भोजन एवं पानी पहुंचाया गया।
व्यापारियोंने स्वेच्छा से दुकानें बंद रखीं
राष्ट्रीयस्वयंसेवक संघ ने नगर के व्यापारियों से 10 फरवरी को स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रख संगम में शामिल होने का आह्वान किया था। उसी के चलते मंगलवार को संपूर्ण नगर बंद जैसा रहा।
धामनोद-महेश्वर मार्ग पर इस तरह एक पट्टी पर कतारबद्ध चली बसें।
धामनोद. नगर में आते वाहनों को रास्ता दिखाते आरएसएस स्वयंसेवक।