- Hindi News
- निजी हॉस्पिटल में शिविर की अनुमति से इंकार, लायंस का शिविर खटाई में
निजी हॉस्पिटल में शिविर की अनुमति से इंकार, लायंस का शिविर खटाई में
धामनोद | छत्तीसगढ़में हुई घटना के बाद प्रशासन लोक स्वास्थ्य कार्यक्रमों की अनुमति को लेकर सख्ती बरत रहा है। ऐसा ही मामला धामनोद में सामने आया। लायंस क्लब ने प्रति वर्ष की तरह निजी हॉस्पिटल व्यंकटेशन नर्सिंग होम में नेत्र शिविर लगाने के लिए आवेदन दिया था।
निजी हॉस्पिटल में शिविर की अनुमति देने से साफ इंकार कर दिया गया है। अब लायंस का शिविर खटाई में है। गौरतलब है क्लब पिछले 5 सालों से उक्त हॉस्पिटल और जिला अंधत्व निवारण समिति धार के साथ मिलकर नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर लगा रहा है। अब तक 700 से भी अधिक मोतियाबिंद के मरीजों के ऑपरेशन हो चुके हैं। मरीजों के ऑपरेशन से लेकर आने-जाने, भोजन की व्यवस्था, चश्मे आदि सभी सुविधाएं नि:शुल्क देते हैं। क्लब सचिव विजय नामदेव ने बताया हॉस्पिटल में सरकारी अस्पताल से बेहतर ऑपरेशन थियेटर एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं हैं। बावजूद अनुमति नहीं देना समझ से परे है। जबकि लायंस क्लब का काम केवल सुविधाएं जुटाना ही होता है तकनीकी रूप ऑपरेशन का काम तो जिला अंधत्व निवारण समिति की टीम द्वारा ही किया जाता है। दवाओं से लेकर ऑपरेशन की प्रत्येक बारीक से बारीक गतिविधि जिला अंधत्व निवारण समिति के माध्यम से ही की जाती है। ऐसे में जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा अनुमति नहीं देना निराशा भरा है।