गार्डन में घूम रहे सूअर, पानी की टंकी हो रही जीर्ण-शीर्ण
धामनोद | कृषि उपज मंडी समिति परिसर में स्थित एकमात्र शासकीय गार्डन इन दिनों उपेक्षा का शिकार हो रहा है। हालात यह है कि यहां पर चौबीसों घंटे सूअर डेरा जमाए बैठे रहते हैं। शाम होते ही यहां पर असामाजिक तत्व जम जाते हैं और नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। इसी गार्डन में एक शिवालय बना हुआ है, जिसके ऊपर पानी की टंकी बनी है। 25000 लीटर क्षमता वाली यह टंकी जर्जर हो रही है। करीब 2 दिन पहले टंकी के प्लास्टर का एक टुकड़ा मंदिर के पुजारी के पास गिरा था। पुजारी बाल बाल बच गए, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। बावजूद इसके जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गार्डन की समस्या पर पंचायत को भी ध्यान देना चाहिए। आगामी बजट में हम गार्डन के लिए राशि आवंटन के प्रयास करेंगे। - टीसी बड़ोले, मंडी सचिव
गार्डन की बेहतरी के लिए हम आगामी बजट में प्रस्ताव भेजेंगे। हमने पूर्व में भी नगर पंचायत को सूअरों को हटाने के लिए लिखा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। - कृष्णचंद्र पाटीदार, मंडी अध्यक्ष