12वीं के कई बच्चों का साल दांव पर
ऑनलाइन प्रक्रिया में खामियां| कई के नाम अन्य स्कूलों के कोड में दर्ज हो गए, त्रुटि सुधार की व्यवस्था नहीं, आज करेक्शन की अंतिम तिथि
भास्कर संवाददाता| धार/अमझेरा
माध्यमिकशिक्षा मंडल द्वारा इसी वर्ष से शुरू की गई ऑनलाइन पंजीयन व्यवस्था की त्रुटियों ने 12वीं के कई विद्यार्थियों का साल दांव पर लगा दिया है। अब तक जिले में करीब 100 विद्यार्थी सामने चुके हैं। 30 तारीख तक आंकड़ा और बढ़ सकता है। बोर्ड ने परीक्षा फॉर्म में करेक्शन के लिए 22 सितंबर की आखिरी तारीख दे रखी है लेकिन ऐसे प्रभावित विद्यार्थी की समस्या का समाधान इस करेक्शन की व्यवस्था में भी नहीं है। जिला स्तर पर बैठे अधिकारियों के पास भी अब तक कोई जवाब नहीं है। विद्यार्थी और उनके अभिभावक हैरान-परेशान हैं।
दरअसल माशिमं ने इस बार पूरी पंजीयन प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी है। इसके तहत एडमिशन लेने वाले विद्यार्थियों की सूची ऑनलाइन दर्ज की गई थी। इसमें डाटा इंट्री के वक्त कई विद्यार्थियों के स्कूल कोड गलत डाल दिए गए। बाद में यह पूरा डाटा बोर्ड ने लॉक कर दिया। 5 सितंबर से परीक्षा फॉर्म भरने की शुरुआत हुई। यह प्रक्रिया भी ऑनलाइन है। 10वीं के रोल नंबर से इंट्री करते ही विद्यार्थी का नाम अगस्त में दर्ज किए डाटा में से सर्च कर सामने आता है। जिन विद्यार्थियों की इंट्री में स्कूल का कोड गलत डाल दिया गया था, उन्हें संबंधित स्कूल में ही दर्ज बता रहा है। मूल स्कूल के लिए इंट्री करने पर स्वीकार नहीं कर रहा। 5 सितंबर के बाद कुछ विद्यार्थियों की शिकायत आने पर जानकारी बोर्ड को दी गई थी।
बोर्ड ने 16 से 22 तक के लिए स्कूल स्तर पर करेक्शन की व्यवस्था की लेकिन इसमें भी खामी रह गई। करेक्शन का तो ऑप्शन दिया लेकिन संबंधित स्कूल से नाम डिलीट करने का ऑप्शन नहीं दिया गया। ऐसे में समाधान नहीं हो पा रहा। सोमवार को करेक्शन की आखिरी तारीख है। जबकि 30 सितंबर को परीक्षा फॉर्म की अंतिम तारीख है। विद्यार्थी स्कूल स्तर से लगाकर जिले के अधिकारियों तक गुहार लगा चुके हैं लेकिन समाधान नहीं निकला।
जिम्मेदार बोले
^हां,कई विद्यार्थी सामने आए हैं। वरिष्ठ कार्यालय को परेशानी से अवगत करा दिया है। सोमवार को भोपाल माशिमं कार्यालय से मार्गदर्शन लिया जाएगा। संभवत: बोर्ड कोई ऐसा हल निकालेगा, जिससे बच्चों का साल खराब हो। पंकजमिश्रा, जिलासमन्वयक, बोर्ड परीक्षा