नाली की जाली टूटी, अफसर नहीं दे रहे ध्यान
कहार मोहल्ला स्थित वार्ड क्रं. 9 और 11 के बीच स्थित रोड पर बनी नाली टूट चुकी हैं लेकिन नगर परिषद के अफसर ध्यान नहीं देते। यह रोड अाईटीआई से नगर को जोड़ता है। इस रोड पर टूटी हुई जालीदार नाली होने से उस पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। आईटीआई स्थित गर्ल्स होस्टल का रास्ता भी यहीं से होने के कारण छात्र भी दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। नगर परिषद उपाध्यक्ष राकेश पटेल भी कई बार नाली के ऊपर की जाली को हटाकर सीमेंट कांक्रीटीकरण करने की बात कह चुके हैं, पर अब तक कोई हल नहीं निकला है। कुछ दिन पहले यहां के कृषक मुकेश सीताराम धाड़िया के बैल का पैर इस जालीदार नाली में फंस गया था, जिसे बड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। रहवासी भी इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद को शिकायत कर चुके हैं, पर अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
धामनोद. इस तरह से दब व टूट गई है नाली की जाली।
बजट नहीं होने का हवाला दिया
इस संबंध में कई बार सीएमओ और नगर परिषद अध्यक्ष को अवगत कराया है, लेकिन बजट ना होने का हवाला दिया जाता है। राकेश पटेल, उपाध्यक्ष, नगर परिषद।
समस्या का निराकरण करेंगे
यह प्रकरण अभी मेरी जानकारी में आया है। एक-दो दिनों में इस समस्या का निराकरण कर दिया जाएगा। संजय रावल, सीएमओ, नगर परिषद।