- Hindi News
- जंगली सुअरों ने उखाड़ दी फसल, किसान परेशान
जंगली सुअरों ने उखाड़ दी फसल, किसान परेशान
भास्कर संवाददाता| निंबोला/खकनार
खकनार और निंबोला क्षेत्र में जंगली सुअरों ने आतंक मचा रखा है। खकनार क्षेत्र में पिछले 5 दिन से जंगली सुअर खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। पिछले दिनों लगातार बारिश के कारण किसान खेत नहीं गए थे। मौसम खुलने पर किसान खेत पहुंचे तो पौधे आड़े गिरे दिखे। गिरे पौधे देखकर किसान सकते में गए। खेतों में जंगली सुअरों द्वारा मिट्टी कुरदने के निशान दिखे। किसान समझ गए कि जंगली सुअरों ने फसलें नष्ट की है।
खकनार क्षेत्र में जंगल के पास स्थित ग्राम शेखपुरा, निमंदड़, भोराघाट में जंगली सुअरों की संख्या बढ़ गई है। पिछले 5 दिन में जंगली सुअरों ने मूंगफली, मक्का, केला, गन्ना सहित फसलों को उखाड़ दिया है। खेतों में जगह-जगह पौधे जमीन पर गिरे हैं। जंगली सुअरों के आतंक से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। जंगली सुअरों ने शेखापुर के किसान सुभाष श्रीवास्तव की आधा एकड़ मूंगफली, काशीराम सोमा की करीब 1 एकड़ मक्का फसल को नुकसान पहुंचाया है।
20प्रतिशत उत्पादन प्रभािवत- निंबोलाक्षेत्र के 10 से अधिक गांव में जंगली सुअर गन्ना, मूंग, उड़द, केला फसल को नुकसान पहुंचा रहे है। पिछले दो साल से निंबोला क्षेत्र में जंगली सुअरों का आतंक बढ़ गया है। किसान गोपाल सोनवणे, विनोद पाटील, रामदास भरसागे, कैलाश महाजन ने बताया आए दिन जंगली सुअर पौधे उखाड़ रहे है। सभी फसलों में करीब 20 प्रतिशत उत्पादन प्रभावित हो रहा है। किसानों ने कई बार वन विभाग को शिकायत की गई है। लेकिन जंगली सुअरों को पकड़ा नहीं जा रहा है। किसानों का कहना है जंगली सुअरों को पकड़ने की अनुमति दी जाना चाहिए।
गन्नों के खेत में बैठ रहे जंगली सुअर
इससमय गन्ने की फसल बड़ी हो गई है। जंगली सुअर झुंड में आकर गन्ने के खेत में पौधों के बीच छुप रहे है। एक झुंड में 10 से अधिक जंगली सुअर रहते है। हमले के डर से किसान खेतों में नहीं घुस रहे है। जंगली सुअर मिट्टी कुरेदकर पौधे की जड़ कमजोर कर रहे है। इससे पौधे गिर रहे है। दिन में यह जंगली सुअर खेतों से निकलकर जंगल में चले जाते है। रात होने पर लौट जाते है। खेतों में चौकीदार भी नहीं रूक रहे है।