- Hindi News
- प्रतीक्षालय की जगह बन गईं दुकानें, यात्री परेशान
प्रतीक्षालय की जगह बन गईं दुकानें, यात्री परेशान
भास्कर संवाददाता| डोईफोड़िया
खकनारके बस स्टैंड पर यात्री प्रतीक्षालय नहीं है। यहां पांच साल पहले प्रतीक्षालय हुआ करता था। लेकिन इसकी जगह अब दुकानें बन गईं हैं। तब से लेकर आज तक यात्री यहां परेशान हो रहे हैं। उन्हें धूप-बारिश में खड़े रहकर बस का इंतजार करना पड़ रहा है। खकनार बस स्टैंड से करीब 30 गांव के सैकड़ों लोगों की आवाजाही है। प्रतीक्षालय नहीं होने के कारण उन्हें फजीहत झेलना पड़ रही है। लोगों ने प्रतीक्षालय निर्माण की मांग की है।
खकनार बस स्टैंड से रोजाना दर्जनों बसों की आवाजाही है। इनमें सैकड़ों यात्री सफर करते हैं। प्रतीक्षालय नहीं होने के कारण वे परेशान हो रहे हैं। गर्मी और बारिश के दौरान उनकी मुश्किलें बढ़ जाती हैं। उन्हें होटल-दुकानों का आसरा लेना पड़ रहा है। कई दुकानदार बिना कोई सामान खरीदे लोगों को यहां खड़े तक नहीं रहने देते। ऐसे में कई बार विवाद भी हो रहे हैं। लोगों का कहना है क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। किसी भी राजनीतिक पार्टी या संगठन ने प्रतीक्षालय निर्माण के लिए अब तक कोई प्रयास नहीं किए हैं। क्षेत्र के किशोर वासनकर ने कहा चुनाव के दौरान समस्या दूर करने के कई वादे किए जाते हैं। लेकिन इसके बाद आमजन की परेशानी की कोई सुध नहीं लेता। परेशानी को देखते हुए खकनार बस स्टैंड पर प्रतीक्षालय बनाया जाना चाहिए।