- Hindi News
- अब्दुल सत्तार की गाय ने जीता प्रथम पुरस्कार
अब्दुल सत्तार की गाय ने जीता प्रथम पुरस्कार
पशुअस्पताल खकनार में मंगलवार को खंड स्तरीय गोपाल पुरस्कार योजना के तहत पुरस्कारों का वितरण किया गया। सोमवार को यहां स्पर्धा कराई गई थी। इनमें 6 गाय शामिल हुईं थीं। इनका तीन समय का दूध निकालने के बाद खकनार निवासी अब्दुल सत्तार अब्दुल करीम की गाय को प्रथम पुरस्कार दिया गया। द्वितीय पुरस्कार खकनार निवासी अब्दुल राजिक अब्दुल जब्बार की गाय और तीसरा पुरस्कार पलासुर निवासी मुश्ताक मेहबूब की गाय ने जीता। तीनों ही पुरस्कार विजेता गाय गीर नस्ल की हैं। खंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश शाक्य ने बताया स्पर्धा के लिए 11 आवेदन आए थे।
जनपद अध्यक्ष रतिलाल चिल्लात्रे ने कहा यह हमारे क्षेत्र के लिये गौरव की बात है कि गोवंश के लिए शुरू की गई इस योजना में तीनों ही पुरस्कार मुस्लिम भाईयों की गायों ने जीते हैं। गोवंश की पूजा-पाठ के साथ उसे रोजगार का साधन बनाने के लिए सभी को प्रेरणा लेना चाहिए। आज गांवों में भी गोवंश पालन की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे दूध उत्पादन कम हो गया है। पुरस्कार वितरण समारोह में राहुल जाधव, अशोक वाणी, जनपद सीईओ आरबीएस दंडोतिया, तहसीलदार केएस गौतम, गजानन पाठक, एलएन गोलकर, केडी चौधरी, डॉ. राम बोराना सहित कई पशुपालक मौजूद थे।
कार्यक्रम में अतिथियों ने संबोधित किया।