बीपीएल हितग्राहियों को कार्ड अनुसार दें अनाज
थंब मशीन का सर्वर डाउन होने के कारण साधारण सभा में विधायक ने दिशा, निर्देश
भास्कर संवाददाता | खकनार
जनपद पंचायत खकनार की साधारण सभा हुई। इसमें विधायक राजेंद्र दादू ने विभिन्न मुद्दों पर समीक्षा कर योजनाओं की जानकारी सदस्यों की दी। सभा में जनपद सदस्यों ने थंब मशीन का सर्वर डाउन होने से खाद्य वितरण में हो रही परेशानी बताई। इस पर विधायक राजेंद्र दादू ने सभी बीपीएल कार्डधारियों को पहले अनुसार कार्ड पर खाद्यान्न देने के निर्देश दिए। इससे खकनार तहसील के हजारों बीपीएल हितग्राहियों को काफी सुविधा होगी।
शासन की योजना पर पिछले महीने राशन दुकानों पर थंब मशीन अनिवार्य की गई थी। लेकिन नेटवर्क कम होने, इंटरनेट बंद होने से मशीन नहीं चल रही थी। पोर्टल में गड़बड़ी होने से एंट्री नहीं हो पा रही थी। इससे कई लोगों को दिनभर राशन दुकान पर बैठकर राशन लेना पड़ रहा था। सभा में जनपद सदस्यों ने बीपीएल कार्डधारियों को खाद्यान्न वितरण में हो रही परेशानी के निराकरण की मांग की। अफसरों ने कहा पोर्टल में गड़बड़ी चलने और सर्वर डाउन होने से कुछ पात्र लोगों को खाद्यान्न नहीं मिल रहा। खाद्यान्न भंडारण भरपूर है। लेकिन अनाज नहीं मिल रहा। विधायक राजेंद्र दादू ने अफसरों से कहा बीपीएल कार्डधारी रोज कमाकर खाते है। उन्हें समय पर अनाज नहीं दिया तो बड़ी समस्या होगी। जब तक सर्वर की परेशानी दूर नहीं होती तब तक पात्र लोगों को कार्ड के अनुसार खाद्यान्न दें। ताकि इन्हें परेशानी का सामना न करना पड़ें। सभा में सीईओ आरबीएस दंडोतिया, पूर्व अध्यक्ष रतिलाल चिल्लात्रे, उपाध्यक्ष वसंतीबाई घनश्याम, सदस्य अजय महाजन, बलराम राठौर सहित अन्य मौजूद थे।
साधारण सभा की बैठक में विधायक राजेंद्र दादू ने दिशा निर्देश दिए।