सहायक सचिव हड़ताल पर बैठे, फजीहत हम झेल रहे
भास्कर संवाददाता | सिरपुर/निंबोला/खकनार
कलेक्टर के आदेश पर मंगलवार को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनसुनवाई हुई। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पंचायत पहुंचकर समस्याएं सुनाई। नियमितीकरण के लिए सोमवार से खकनार ब्लॉक के सहायक सचिव हड़ताल पर है। इस मुद्दे को लेकर मजदूरों ने हड़ताल खत्म कराने की मांग की। वहीं ग्रामीणों ने अलग-अलग समस्याओं पर विभागवार अफसर-कर्मचारियों को आवेदन दिए।
खकनार में सुबह 10 बजे से जनसुनवाई हुई। इसमें ग्रामीणों ने सहायक सचिवों की हड़ताल का मुद्दा उठाया। मजदूरों ने कहा हड़ताल पर सहायक सचिव बैठे हैं। फजीहत हम झेल रहे हैं। जिम्मेदार अफसरों को इनकी मांगो पर ध्यान देकर हड़ताल खत्म करानी चाहिए। इस दौरान तहसीलदार अनिल सपकाले, सीईओ आरबीएस दंडोतिया, खंड विस्तार अफसर जगमोहन बारिया, वंदना गढ़वाल मौजूद थीं। इसके अलावा सारोला, बड़ा जैनाबाद, दर्यापुर, लोखंडिया, सिरपुर सहित अन्य में जनसुनवाई हुई।
सिरपुर में सुबह 11.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनसुनवाई हुई। ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याओं से विभागवार कर्मचारियों को अवगत कराया। जनसुनवाई में सरपंच पप्पीबाई बारेला, सचिव ममराज पवार, पटवारी रेखा कश्यप सहित सब इंजीनियर, नोडल अफसर प्रवीण इंगले, प्राथमिक स्कूल के प्रधानपाठक विलास उगवे मौजूद थे।
यहां नहीं हुई सुनवाई
सिंधखेड़ा और देवरी, आमगांव, दातपहाड़ी में मंगलवार को जनसुनवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीण पंचायत के सामने अपनी समस्याएं नहीं रख पाए।
स्वच्छता पर निर्देश दिए, समस्याएं सुनी
निंबोला में सुबह 9.30 से 1 बजे तक जनसुनवाई में सुविधाघर बनाने के लिए 20 ग्रामीणों ने आवेदन दिए। वृद्धा पेंशन के लिए 2 और बीपीएल में नाम जोड़ने के लिए 1 आवेदन दिया। सरपंच पप्पू पाटील, उपसरपंच प्रवीण पाटील, सचिव प्रगति शुक्ला, ग्राम सेवक विस्तार अफसर एनडी कुलकर्णी, पटवारी दिव्या पुराने सहित ग्रामीण मौजूद थे। मगरूल में पंचायत भवन में जनसुनवाई हुई। इसमें सुविधाघर को लेकर ग्रामीणों को समझाइश दी गई। इसमें सुविधाघर बनाने 10 आवेदन, राशन कार्ड सूची से नाम निकालने की शिकायत पर 4 आवेदन, विधवा पेंशन के लिए 2 आवेदन दिए। नोडल अफसर बीएस बासुनिया, पटवारी वर्षा मालवीय जनपद पंचायत अफसर विनय पाटील, मगरूल सरपंच शेख इसाक, सचिव अख्तर तड़वी, उपसरपंच कलंदर सुभाष सहित ग्रामीण मौजूद थे। खुले मेंं गंदगी करने पर 50 रुपए जुर्माना लगेगा।
मगरूल में जनसुनवाई के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।
सिरपुर पंचायत में जनसुवाई कर समस्याएं सुनी गई।