चौथा दिन : मांगे नहीं मानी तो 23 से होगी अनिश्चित हड़ताल
खकनार तहसील में बैठे रहे सहायक सचिव, पंचायतों में रुका रहा काम
भास्कर संवाददाता | सिरपुर
चौथे दिन गुरुवार को भी खकनार में सहायक सचिवों की हड़ताल जारी रही। इस बीच हड़ताल को समर्थन देने वालों की संख्या भी बढ़ी। प्रदेश सीईअो संघ अध्यक्ष भूपेश गुप्ता, राज्य शिक्षक संघ अध्यक्ष नंदकिशोर धांडे और सभी जनपद सदस्यों ने सहायक सचिवों के नियमितिकरण करने की मांग की। इसमें सीईओ संघ के अध्यक्ष ने पत्र भेजकर अपना समर्थन दिया। मांगे नहीं मानने पर सहायक सचिव संघ ने 23 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की बात कही है।
सहायक सचिव संघ जिलाध्यक्ष जहीर खान ने बताया कि अब तक नियमितिकरण को लेकर कोई बात नहीं बनी है। इससे सहायक सचिवों के साथ मजदूरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन जिम्मेदार इस आेर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। हड़ताल शुरू होने के बाद प्रदेशभर के संगठनों ने समर्थन देना शुरू किया है। जनपद सदस्यों ने भी हमारी पीड़ा देखकर अपना समर्थन दिया है। नियमितिकरण की मांग नहीं मानने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। 23 फरवरी से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल कर पंचायतों में ताले लगाए जाएंगे।
प्रदेश सीईओ संघ अध्यक्ष का समर्थन पत्र दिखाते सहायक सचिव।