- Hindi News
- अश्वनृत्य स्पर्धा : सिमरन को हराकर चांदनी ने जीता पहला स्थान
अश्वनृत्य स्पर्धा : सिमरन को हराकर चांदनी ने जीता पहला स्थान
खेतिया|सारंगखेड़ा मेलेके घोड़ा बाजार में अश्वनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समीपस्थ महाराष्ट्र राज्य के ग्राम सारंगखेड़ा में चल रहे 15 दिनी मेले के मुख्य आकर्षण केंद्र घोड़ा बाजार परिसर में मेला उत्सव समिति ने घोड़ा-घोड़ी नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन मुकसार पंजाब से आए घोड़ा व्यवसायी जसपालसिंह के मुख्य आतिथ्य और शहादा (महाराष्ट्र) के समाजसेवी सुभाषचंद्र गेलडा, रमेशचंद्र छाजेड़ और कृषि उपज मंडी समिति शहादा के सचिव संजय चौधरी और अश्वनृत्य अनुभवी निर्णायक सदस्य मुन्नू उस्ताद, सचिन गवली, करतारसिंह अन्ना और सैकडों दर्शकों की उपस्थिति में अश्वनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 11 मालिकों ने अपने घोड़ा-घोड़ी के साथ हिस्सा लिया। ढोल और ताशों के माध्यम से हुई इस प्रतियोगिता में उत्तरप्रदेश के घोड़ा व्यवसायी बंगाल भाई की घोड़ी चांदनी प्रथम, उत्तरप्रदेश के ही घोड़ा व्यवसायी छोटा बकीला की घोड़ी सिमरन द्वितीय और तलोदा (महाराष्ट्र) के स्वप्निल बैसाणे का घोड़ा सन्नी तीसरे स्थान पर रहा। साथ इस स्पर्धा में उत्तरप्रदेश के घोड़ा व्यवसायी प्रेमलाल ठाकुर ने दो माह का घोड़ा राजा उत्कृष्ट नृत्य पर सम्मानित हुआ। इन विजेता घोड़ा-घोड़ी के मालिकों को उपस्थित अतिथियों ने मेला उत्सव समिति के सानिध्य में 11 हजार, 7 हजार, 5 हजार रुपए के साथ-साथ उत्कृष्ट नृत्य पर 2100 रुपए, शील्ड और प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया।