कुक्षी में भी हंगामे के बाद खरीदा कपास
दोपहर 12 बजे तक मंडी में कपास नीलामी चालू नहीं होने पर आक्रोशित किसानों ने एसडीएम से शिकायत की
भास्करसंवाददाता . कुक्षी
कृषिउपजमंडी परिसर में शुक्रवार को सीसीआई द्वारा कपास की खरीदी नहीं करने से किसान परेशान हो गए। रोजाना मंडी 10 बजे चालू हो जाती है। किसान कालुसिहं कन्नौज निवासी ढुकनी, मोहन पिता गुलाब निवासी बड़ग्यार, दयाराम बामनिया निवासी अमलाल ने बताया की दोपहर 12 बजे तक मंडी में कपास नीलामी चालू नहीं होने पर मंडी कर्मचारियों से संपर्क किया तो बताया कि सीसीआई कपास खरीदी नहीं करेगी, साहब ने मना कर दिया है।
आक्रोशित किसान एसडीएम के पास पहुंचे, जहां से बताया कि एसडीएम भी नहीं है। सीसीआई के उपस्थित कर्मचारी से संपर्क किया तो बताया की कल रात पानी गिरने के कारण माल सिलन वाला आने पर वरिष्ठ कार्यालय से ही कपास खरीदी नहीं करने के निर्देश हैं, जिसके चलते खरीदी नहीं की।
किसानोंं का कहना था कि नीलामी नहीं करना थी तो पूर्व सूचना बोर्ड पर लिख देना था लेकिन ऐसा नहीं किया गया। किसानों ने मंडी सचिव से बात कर अधिकारी को मंडी बुलाने का आग्रह किया, तब दोपहर 2 बजे मंडी में कपास की नीलामी सीसीबी व्यापारियों द्वारा चालू की गई। बैलगाड़ी 22 तथा वाहन 73 की आवक रही। उच्चतम भाव 4050 मॉडल भाव 3950 रहे। साथ ही मंगलवार 16 दिसंबर तक मंडी में कपास नीलामी बंद की सूचना भी बोर्ड पर लगा दी गई।
टोकन नहीं मिलने की भी शिकायत
मंडी परिसर में किसानो को 5 रुपए में भोजन देने के टोकन को लेकर भी किसानों ने नाराजगी जताई। किसान संजय मंडलोई निवासी रेबड़दा, धनसिंह बाला बडग्यार ने बताया मंडी द्वारा मात्र 50 टोकन वितरीत कर यह कह कर बंद कर दिया गया कि 1 दिन में 50 टोकन से ज्यादा नहीं दे सकते है। नाराज किसानों ने यह भी बताया कि केंटीन सप्ताह में दो दिन ही खुला रहता है, बाकी दिनों में बंद रहता है। ठहरने पीने के पानी की सुविधा को लेकर भी किसान नाराज दिखे।
कुक्षी . खरीदी नहीं होने से लगी वाहनों की कतार।