25 हितग्राहियों के बीपीएल कार्ड बनाए, पेंशन का निराकरण किया
लकोटा, नवलपुरा व लाड़वी के 100 से अधिक लोगों की समस्या सुनी
भास्कर संवाददात | महेश्वर
गुरुवार को क्षेत्र को जलकोटा, लाड़वी व नवलपुरा गांव में विधायक राजकुमार मेव ने ग्राम चौपाल में लोगों की समस्या सुनी। 100 से अधिक लोगों ने अपनी समस्या बताई। मौके पर ही अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। जलकोटा व लाडवी मे 25 हितग्राहियों के बीपीएल कार्ड बनाए गए। 13 हितग्राहियों के पेंशन प्रकरणों का निराकरण किया गया।
ग्राम में 1100 शौचालय स्वीकृत कराए गए। साथ ही परिवार सहायता के 20 हजार रुपए के चेक का वितरण भी किया। मेव ने ग्राम नवलपुरा में एक हैंडपंप लगाने के निर्देश भी दिए। इसी तरह लाड़वी में विद्यार्थियों को स्कूल आवागमन में परेशानी होने पर एक पुलिया का निर्माण भी कराने की बात कही। यहां कोली मोहल्ला में 1 लाख रुपए के निर्माण कार्य मंजूर किए। गांव में स्ट्रीट लाइट एवं गति अवरोधक भी बनाया जाएगा। लाड़वी में भारुड समाज की धर्मशाला का भूमिपूजन कर निर्माण के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। यहां खिलाड़ियों को क्रिकेट किट भी देने की घोषणा की गई। इसके अतिरिक्त जलकोटा पंचायत मंे बीपीएल के 35 व पेंशन के 24 प्रकरण स्वीकृत किए। खेत-सड़क योजना में 10 लाख रुपए से सड़क भी बनेगी। मल्लुबाई पति वासुदेव को हृदय रोग के उपचार के लिए 1 लाख 75 हजार की उपचार सहायता दी। चौपाल में नगर परिषद अध्यक्ष दामोदरदास महाजन, तहसीलदार रंजना पाटीदार, जनपद सीईओ शैलेन्द्र शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष लोकेशसिंह मंडलोई, बक्सीराम यादव, विक्रम पटेल आदि अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
ग्राम चाैपाल मंे ग्रामीणों की समस्या सुनते विधायक राजकुमार मेव।